आजकल बालकनी हो या किचन गार्डन, हम गमले में ही तरह-तरह के फूलों, सजावटी पौधों और सब्जियों के पौधों को लगाना पसंद करते हैं। सर्दियों के सीजन में तरह-तरह की सब्जियां मिलती हैं, लेकिन इनमें ज्यादातर कीटनाशक या कैमिकल युक्त खाद का प्रयोग किया जाता है। ऐसे में बाजार से सब्जी खरीदने की बजाय हम इन्हें घर पर लगाना पसंद करते हैं। मेथी, पालक, हरी मिर्च, धनिया, गोभी और बैंगन भी इन सब्जियों में शामिल है। जिन्हें आसानी से घर पर उगाया जा सकता है।

हालांकि बैंगन को बढ़ाने के लिए सबसे ज्यादा कीटनाशक यानी पेस्टिसाइड का इस्तेमाल किया जाता है। अगर आपको बैंगन पसंद है, तो इन्हें बाजार से खरीदने की बजाय घर पर लगाना ज्यादा बेहतर विकल्प हो सकता है। हालांकि कई लोगों को यह समस्या आती है कि बैंगन के पौधे में फूल आ रहे हैं, लेकिन फूल झड़ जाते हैं या फल ज्यादा नहीं बन पाते। ऐसे में यहां बताए गए तरीके की मदद ले सकते हैं।

बैंगन के पौधे में फूल झड़ने का कारण

बैंगन के फूल गुच्छों में आते हैं लेकिन इनमें से एक ही फूल बैंगन बनता है और बाकी के फूल झड़ जाते हैं। फूल झड़ने के पीछे कुछ आम कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। मौसम में बदलाव, पानी बहुत ज्यादा या कम देना, पोषण तत्वों की कमी, कीट और रोगों का प्रकोप फूलों और कलियों के झड़ने का कारण बन सकते हैं।

बैंगन के पौधे में जिस टहनी में फूल आ रहे हैं, उसकी ऊपर से छंटाई कर दें। इससे नई शाखाएं आने में मदद मिल सकती है और फूल ज्यादा आना भी शुरू हो सकते हैं।

अगर आप चाहते हैं कि बैंगन के फूल न झड़ें तो इसके लिए पौधे की देखभाल करनी जरूरी है। अगर मिट्टी में पानी की मात्रा ज्यादा होगी, तो जड़ें सड़ सकती हैं। ऐसे में सर्दियों के समय मिट्टी की ऊपरी परत सूखने के बाद भी पानी दें। मिट्टी में पोषण संबंधी जरूरत को पूरा करने के लिए घर पर बनी प्राकृतिक खाद दे सकते हैं। गमले या क्यारी में खरपतवार को हटा दें और समय-समय पर मिट्टी की हल्की गुड़ाई करते रहें।

बैंगन के पौधा की देखभाल

बैंगन का पौधे की जो पत्तियां जमीन यानी मिट्टी के संपर्क में हैं, उन्हें हटा दें। इन पत्तियों में जल्दी कीड़े लग सकते हैं और पौधा कमजोर हो सकता है। अगर आपका पौधा 15 से 20 सेंटीमीटर का है, तो प्रूनर की मदद से नीचे के हिस्से की छंटाई कर दें। बहुत ज्यादा पत्तियों की वजह से पौधे में फल कम आ सकता है।

नीम के तेल का स्प्रे

बैंगन के पौधे की देखभाल और अच्छी ग्रोथ के लिए सफाई और प्रूनिंग के बाद नीम के तेल का छिड़काव करें। इसके लिए 5 एमएल नीम तेल को एक लीटर गुनगुना पानी और 2-3 चम्मच लिक्विड डिशवॉश को अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब इसे स्प्रे बोतल में भर लें और पौधे की पत्तियों पर अच्छी तरह स्प्रे करें। इससे हानिकारक कीट-पतंगे पौधे से दूर रहेंगे।