परिवर्तन प्रकृति का अटल और शाश्वत नियम है। जो कुछ भी है, वह स्थायी नहीं है। आज नहीं तो कल बदल जाएगा या किसी और का हो जाएगा। परिवर्तन हर एक क्षेत्र में समय-समय पर होते रहते हैं। यात्रा करने के तरीकों में भी पिछले कुछ समय से बदलाव नजर आ रहे हैं। सफर को लेकर लोगों की सोच काफी बदल गई है, खासकर जेनरेशन Z के बीच यात्रा को लेकर कई नए चलन देखने को मिल रहे हैं। आए दिन कोई न कोई नया शब्द सुनने को मिलते रहता है, इन्हीं में से एक ‘मेंटी बी’ ब्रेक्स ट्रैवल ट्रेंड है।
क्या है मेंटी बी ब्रेक्स
आज के समय में यात्रा का मतलब सिर्फ नई जगहों पर घूमना, खूबसूरत तस्वीरें लेना और मशहूर पर्यटक स्थानों को देखना नहीं रह गया है। भागदौड़ भरी जिंदगी, काम का दबाव और रोजमर्रा की व्यस्तता के बीच लोग अब ऐसी छुट्टियां बिताना चाहते हैं, जहां उन्हें मानसिक सुकून मिले और वे खुद के लिए भी समय निकाल सकें। ‘मेंटी बी’ ब्रेक्स का कॉन्सेप्ट भी कुछ ऐसा ही है। इसमें घूमने-फिरने के साथ मानसिक और भावनात्मक सेहत का ख्याल रखने पर जोर दिया जाता है। इसमें यात्रा के दौरान जरूरी नहीं है कि आप कम समय में ज्यादा से ज्यादा जगहें देखें। इसमें अपनी पसंद की जगह पर ठहरकर प्रकृति के करीब समय बिताते हैं, पर्याप्त आराम करते हैं और रोजमर्रा की जिम्मेदारियों से कुछ समय के लिए दूरी बनाते हैं।
‘मेंट बी’ ब्रेक्स में लोग मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए छुट्टियां बिताने जाते हैं। इस यात्रा में घूमने से ज्यादा मन को शांति और सुकून देने पर जोर दिया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य तनाव से राहत पाना, मन को आराम देना और खुद के साथ समय बिताना भी है। मान लीजिए आपके पास तीन दिनों की छुट्टियां हैं, ऐसे में कई शहर घूमने के बजाय किसी शांत पहाड़ी इलाके में ठहरते हैं, जहां सुबह प्रकृति के बीच टहलते हैं, पर्याप्त नींद लेते हैं और काम से जुड़ी कॉल या ईमेल से दूरी बनाए रखते हैं।
ट्रेंड होने की वजह
इस ट्रेंड के लोकप्रिय होने के पीछे कई कारण हैं। दरअसल, वर्तमान समय में लोग अपने काम को लेकर इतना उलझ चुके हैं कि कई बार खुद के लिए समय नहीं निकाल पाते। इसके पीछे काम का बढ़ता दबाव, लगातार मोबाइल और सोशल मीडिया का इस्तेमाल, व्यस्त दिनचर्या और हर समय उपलब्ध रहने की अपेक्षा के चलते लोग मानसिक रूप से थक जाते हैं। ऐसे में छुट्टियों में सिर्फ घूमने के बजाए लोग खुद को आराम और समय देने के अवसर के रूप में देखते हैं। यही वजह है कि ‘मेंटी बी’ ब्रेक्स ट्रेंड का चलन बढ़ता जा रहा है।
क्या करते हैं
इस सफर के दौरान लोग ज्यादातर प्रकृति के करीब रहना पसंद करते हैं। अपनी पसंद के अनुसार किताबें पढ़ते हैं, संगीत सुनते हैं, ध्यान लगाते हैं, समुद्र किनारे या पहाड़ों में किसी शांत जगह पर बैठकर सुकून भरे पल बिताते हैं।
मन को शांत रखने के लिए क्या-क्या करते हैं
इस यात्रा में लोग पहाड़ों, झीलों या समुद्र के किनारे समय बिताना पसंद करते हैं। प्रकृति के बीच टहलना, ताजी हवा में समय बिताना और शांत वातावरण में बैठना शामिल होता है।
कुछ समय के लिए सोशल मीडिया और मोबाइल से पूरी तरह दूर रहने की कोशिश करते हैं। ऐसी छुट्टियों के दौरान स्क्रीन का इस्तेमाल सीमित करने अपने आसपास की चीजों पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है।
परिवार, काम और सामाजिक जिम्मेदारियों के बीच कई लोग अपनी पसंद और जरूरतों को नजरअंदाज कर देते हैं। इस तरह के सफर में वे अपनी रुचियों और पसंदीदा गतिविधियों पर ध्यान देते हैं।
यह भी पढ़ें
Gen Z की ट्रैवल डिक्शनरी में जुड़े 8 नए शब्द, बदल रहा है सफर का अंदाज
