बदलते मौसम का असर कई बार पैरों की त्वचा पर दिखाई देने लगता है। कई बार इससे एड़ियां रूखी होकर फटने लगती हैं, जिससे पैरों में दर्द भी होने लगता है। वहीं, बाजार में मिलने वाली क्रीम और लोशन तुरंत तो राहत देते हैं, हालांकि आप घर पर मौजूद कुछ आसान घरेलू उपायों को फॉलो करके भी इससे राहत पा सकते हैं। इनमें नारियल तेल का उपयोग किया जा सकता है।
नारियल तेल का करें उपयोग
नारियल तेल को नेचुरल मॉइस्चराइजर माना जाता है। यह त्वचा की गहराई तक पहुंचकर उसे पोषण देता है और नमी बनाए रखने में मदद करता है। इसके उपयोग से एड़ियां मुलायम होती हैं और त्वचा का रूखापन भी धीरे-धीरे कम होने लगता है।
एड़ियों पर कैसे लगाएं नारियल तेल?
नारियल तेल एड़ियों के लिए काफी बेहतर माना जाता है। सोने से पहले पैरों को गुनगुने पानी से धोकर अच्छी तरह सुखा लें। इसके बाद थोड़ा सा नारियल तेल हल्का गर्म कर लें और एड़ियों व तलवों पर धीरे-धीरे मालिश करें। इससे ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और दिनभर की थकान भी कम होती है। नारियल तेल लगाने के बाद मोजे पहन लें, जिससे पैरों में नमी बनी रहे।
इस तरह भी करें केयर
अगर आप फटी एड़ियों से डेड स्किन हटाना चाहते हैं, तो नारियल तेल में कॉफी पाउडर मिलाकर स्क्रब तैयार कर सकते हैं। इस मिश्रण को पैरों पर लगाकर लगभग 10 मिनट तक हल्के हाथों से रगड़ें। इससे जमा गंदगी और मृत त्वचा आसानी से निकलने लगती है।
नारियल तेल के अलावा एलोवेरा भी पैरों की देखभाल में उपयोगी है। एलोवेरा जेल में ठंडक और हीलिंग गुण पाए जाते हैं, जो फटी त्वचा को आराम देने में मददगार होते हैं। रात को सोने से पहले तलवों पर जेल लगाएं और मोजे पहन लें। वहीं, सुबह उठने के बाद पैरों को ठंडे पानी से धो लें।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए एक्सपर्ट से जरूर परामर्श करें।
