Masala Macaroni Pasta Recipe: अगर आप बच्चों या पूरे परिवार के लिए झटपट बनने वाला टेस्टी स्नैक तैयार करना चाहते हैं, तो मसाला मैक्रोनी पास्ता एक बेहतरीन विकल्प है। यह रेसिपी कम समय में तैयार हो जाती है और इसमें अपनी पसंद की सब्जियां मिलाकर इसे और भी हेल्दी बनाया जा सकता है। आइए जानते हैं Kabita’s Kitchen की आसान मसाला मैक्रोनी पास्ता रेसिपी।

बनाने के लिए इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

2 कप मैक्रोनी पास्ता (आटे वाला पास्ता इस्तेमाल कर सकते हैं)
पानी (पास्ता उबालने के लिए)
स्वादानुसार नमक
1 बड़ा चम्मच बटर
1 बड़ा चम्मच तेल
1 बड़ा चम्मच बारीक कटा लहसुन
1 बारीक कटी हरी मिर्च (वैकल्पिक)
1 बारीक कटा प्याज
1 गाजर (बारीक कटी)
थोड़ी-सी बीन्स (बारीक कटी)
1 शिमला मिर्च (बारीक कटी)
3 मीडियम आकार के टमाटर (बारीक कटे)
4 बड़े चम्मच टमाटर कैचअप
2 बड़े चम्मच मेयोनीज (वैकल्पिक)
1 छोटा चम्मच ऑरिगेनो
1 छोटा चम्मच चिली फ्लेक्स
कद्दूकस किया हुआ चीज (वैकल्पिक)

बनाने का तरीका

सबसे पहले एक बर्तन में पानी गर्म होने के लिए रख दें। अगर बच्चों के लिए मैक्रोनी पास्ता बना रहे हैं, तो आटे से बना मैक्रोनी पास्ता इस्तेमाल करें। पानी गर्म होने पर उसमें मैक्रोनी और थोड़ा-सा नमक डाल दें। बर्तन का ढक्कन खुला रखें और मीडियम आंच पर करीब 2 मिनट तक पकाएं। इसे ज्यादा देर तक न उबालें। जैसे ही मैक्रोनी का रंग हल्का ट्रांसपेरेंट दिखने लगे, गैस बंद कर दें।

अब मैक्रोनी को छान लें और साफ पानी से धो लें। इसके बाद इसे स्ट्रेनर में निकालकर रख दें, ताकि अतिरिक्त पानी पूरी तरह निकल जाए। अगर मैक्रोनी ज्यादा पक गई हो, तो इसे ठंडे पानी से धो लें। इससे यह टूटेगी नहीं।

अब एक कड़ाही में 1 बड़ा चम्मच बटर और 1 बड़ा चम्मच तेल डालें। बटर डालने से स्वाद और भी अच्छा आता है, हालांकि चाहें तो सिर्फ तेल का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके बाद बारीक कटा लहसुन डालकर हल्का भून लें। फिर बारीक कटी हरी मिर्च डालें। अगर बच्चे मिर्च नहीं खाते हैं, तो इसे छोड़ सकते हैं।

अब बारीक कटा प्याज डालकर भूनें। प्याज के हल्का सुनहरा होने पर अपनी पसंद की सब्जियां डाल दें। इस रेसिपी में गाजर, बीन्स और शिमला मिर्च का इस्तेमाल किया गया है।

सब्जियां हल्की भुन जाएं, तो इसमें 3 मीडियम आकार के कटे हुए टमाटर डालें। ज्यादा टमाटर डालने से पास्ता का सॉस ज्यादा स्वादिष्ट बनता है। इसमें थोड़ा-सा नमक डालें, ताकि टमाटर जल्दी पक जाएं। अब पैन को ढककर 2 मिनट तक पकाएं।

2 मिनट बाद ढक्कन हटाकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। अब गैस की आंच धीमी कर दें। इसमें 4 बड़े चम्मच टमाटर कैचअप और 2 बड़े चम्मच मेयोनीज डालें। अगर मेयोनीज उपलब्ध नहीं है, तो इसे छोड़ सकते हैं। आपका पास्ता सॉस तैयार है।

अब इसमें उबली हुई मैक्रोनी डालें। साथ ही 1 छोटा चम्मच ऑरिगेनो, 1 छोटा चम्मच चिली फ्लेक्स और स्वादानुसार नमक डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं।

अगर आपको चीज़ पसंद है, तो आखिर में थोड़ा-सा कद्दूकस किया हुआ चीज़ डाल दें। पैन को आधे मिनट के लिए ढककर रखें। इसके बाद गर्मागर्म मसाला मैक्रोनी पास्ता सर्व करें।

इन बातों का रखें ध्यान

मैक्रोनी को ज्यादा देर तक न उबालें, वरना वह टूट सकती है। बच्चों के लिए आटे से बनी मैक्रोनी बेहतर विकल्प हो सकती है। सब्जियां अपनी पसंद और उपलब्धता के अनुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं। मेयोनीज और चीज पूरी तरह वैकल्पिक हैं। इनके बिना भी पास्ता स्वादिष्ट बनता है। अगर आप ज्यादा सब्जियां नहीं डालना चाहते हैं, तो सिर्फ प्याज और टमाटर से भी यह रेसिपी तैयार की जा सकती है।