Masala Cheese Toast Recipe: बच्चों के टिफिन से लेकर शाम की हल्की भूख तक हर कोई कुछ न कुछ ऐसी रेसिपी की तलाश में रहता है, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ कम समय में तैयार हो जाए। अगर आप भी ऐसी ही रेसिपी तलाश रहे हैं, तो इस बार मसाला चीज टोस्ट रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। ब्रेड, चीज और कुछ मसालों से तैयार होने वाली यह डिश बहुत ही लाजवाब होती है। इसे आप आसानी से घर पर तैयार कर सकते हैं, जो बच्चों को ही नहीं बल्कि बड़ों को भी पसंद आ सकती है।

मसाला चीज टोस्ट को आप नाश्ते, टिफिन या शाम की चाय के साथ परोस सकते हैं। अगर आप रोजाना सैंडविच, चीला या पोहा खाकर बोर हो गए हैं, तो इस रेसिपी को ट्राई किया जा सकता है। इसमें आप अपनी पसंद के अनुसार सब्जियां भी डाल सकते हैं, जिससे इसका स्वाद दोगुना हो सकता है। आइए, जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।

जरूरी सामग्री

ब्रेड स्लाइस- 8
उबले हुए आलू- 3
चीज- जरूरत के अनुसार
तेल- 1 चम्मच
हरी मिर्च- 1-2 बारीक कटी
करी पत्ते – 5-6
हल्दी पाउडर- 1/4 चम्मच
नमक स्वादानुसार
हरे धनिया – 2 चम्मच
बटर- जरूरत अनुसार
हरी चटनी
सॉस

बनाने का तरीका

सबसे पहले नॉन स्टिक पैन में थोड़ा-सा तेल गर्म करें। इसमें बारीक कटी हुई हरी मिर्च और करी पत्ते डालकर कुछ सेकंड तक भून लें, जिससे अच्छी खुशबू आएगी। इसके बाद हल्दी पाउडर डालें और उबले हुए आलू को कद्दूकस करके पैन में मिला दें। अब इसमें नमक डालकर कुछ मिनट तक पकाएं। आखिर में बारीक कटा हुआ हरा धनिया मिलाएं और गैस बंद कर दें। अब इस मिश्रण को बाउल में निकाल लें।

अब दो ब्रेड स्लाइस लें और एक तरफ हल्का बटर लगाएं। अब ब्रेड स्लाइस पर हरी चटनी फैलाएं। वहीं दूसरी स्लाइस पर आलू का मिश्रण अच्छे से फैलाएं और उसके ऊपर से चीज कद्दूकस करके डालें। अब दोनों ब्रेड स्लाइस को एक साथ रखकर सैंडविच तैयार कर लें। आप चाहें तो इसे एक ब्रेड स्लाइस पर भी बना सकते हैं।

अब एक पैन को गर्म करें और उसमें हल्का मक्खन लगाएं। इसके ऊपर ब्रेड स्लाइस को रखें। दोनों तरफ मक्खन लगाकर हल्का सुनहरा होने तक ब्रेड को सेंक लें। मसाला चीज टोस्ट तैयार है, जिसे आप त्रिकोण आकार में काट लें। इसे आप हरी चटनी या सॉस के साथ सर्व कर सकते हैं।