गेंदे के पौधे को अक्सर लोग घर के बगीचे, गमले या फिर बालकनी में लगाते हैं। दरअसल, यह पौधा कम देखभाल में भी आसानी से उग जाता है और अच्छे फूल भी देता है। हालांकि, कई बार गेंदे के पौधे में फूल नहीं आते हैं, जिससे लोग पौधे को ही काट देते हैं।
ऐसे में अगर आपके भी गेंदे के पौधे में फूल नहीं आ रहे हैं, तो आप कुछ खास घरेलू टिप्स को फॉलो कर सकते हैं। थोड़ी-सी सही देखभाल से गेंदे के पौधों पर फिर से भरपूर फूल आने लगते हैं। यहां हम आपके लिए कुछ आसान और कारगर टिप्स लेकर आए हैं, जिन्हें आप आसानी से फॉलो कर सकते हैं।
धूप का रखें खास ध्यान
गेंदे के पौधे को धूप पसंद होती है। ऐसे में इसे ऐसी जगह रखें, जहां रोजाना कम से कम 5-6 घंटे सीधी धूप आती हो। धूप मिलने से पौधा बेहतर तरीके से बढ़ता है और इसकी कलियां अधिक बनती हैं। अगर पौधे को पर्याप्त धूप नहीं मिलेगी तो उसमें फूल कम आएंगे।
मिट्टी में समय-समय पर डालें खाद
गेंदे के फूलों के लिए सही मिट्टी का चयन करना बहुत जरूरी होता है। गेंदे के लिए अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी सबसे बेहतर मानी जाती है। साथ ही, मिट्टी में पोषण बनाए रखने के लिए खाद डालना भी आवश्यक है।
खाद का नियमित उपयोग फूलों की संख्या बढ़ाने में मदद करता है। आप इसमें हर 20 दिनों में जैविक या फिर तरल खाद डाल सकते हैं। आप इसके लिए किचन वेस्ट से घर पर ही खाद आसानी से तैयार कर सकते हैं। इससे पौधे को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं और फूलों की गुणवत्ता भी बेहतर होती है।
नीम के तेल का करें छिड़काव
गेंदे के पौधों पर कई बार कीड़े लग जाते हैं, जिससे उन्हें नुकसान पहुंचता है। ऐसे में कीड़ों या फंगस से बचाने के लिए पौधों पर नीम के तेल के घोल का छिड़काव करें। यह पौधों को नुकसान नहीं पहुंचाता और कीड़ों को नियंत्रण में रखने में मदद करता है।
