Mango Pudding Recipe: गर्मियों में ज्यादातर लोगों को आम खाना पसंद होता है। इस समय बाजार में सस्ते दामों पर आम की कई वैरायटी आसानी से मिल जाती हैं। आमतौर पर घरों में आमपन्ना, मैंगो शेक, आइसक्रीम या स्मूदी बनाकर इसे खाया जाता है। लेकिन अगर आप आम से कुछ खास बनाना चाहते हैं तो मैंगो पुडिंग ट्राई कर सकते हैं, जो आपके डिनर को और भी खास बना सकती है। डेजर्ट के लिए मैंगो पुडिंग एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। इसका क्रीमी और गाढ़ा टेक्सचर बच्चों को भी काफी पसंद आएगा। खास बात यह है कि इसे बनाने में आपको ज्यादा सामग्री या समय की जरूरत नहीं होगी।
डिनर के बाद कई लोगों को मीठा खाने का मन होता है। लेकिन गर्मियों के मौसम में ज्यादा समय तक किचन में रहना कोई आसान काम नहीं है। इसके लिए आप मैंगो पुडिंग की ये आसान रेसिपी ट्राई कर सकती हैं, जो स्वाद के साथ-साथ ताजगी का एहसास भी कराएगी।
बनाने के लिए सामग्री
आम- 2 पके हुए
दूध- 1 कप
चीनी- 3 चम्मच
कॉर्नफ्लोर- 1 चम्मच
पानी
क्रीम- 1 चम्मच
मैंगो पुडिंग बनाने का तरीका
सबसे पहले आम को अच्छी तरह से धोकर टुकड़ों में काट लें। अब इसे मिक्सर जार में चीनी और दूध के साथ डालकर स्मूद पेस्ट तैयार कर लें। पुडिंग का टेक्सचर क्रीमी बनाने के लिए प्यूरी को बारीक पीस लें ताकि इसमें गांठ न रहे।
अब एक पैन गरम करें और उसमें यह मिश्रण डाल दें और धीरे-धीरे चम्मच की मदद से चलाते रहें। इसका स्वाद बढ़ाने के लिए क्रीम मिक्स कर सकते हैं। लगातार धीमी आंच पर चलाते रहे, जिससे ये घोल गाढ़ा हो जाएगा। अब एक कटोरी में कॉर्नफ्लोर को थोड़े पानी में घोलकर मिश्रण में डालें।
इस मिश्रण को कुछ मिनट तक पकाएं जब यह हल्का गाढ़ा हो जाए तो गैस को बंद कर दें और मिश्रण को बाउल या छोटे-छोटे ग्लास में निकाल लें। इसमें आप ऊपर से आम के टुकड़े काटकर भी डाल सकते हैं। अब इसे कम से कम 3 घंटे फ्रिज में रख दें जिससे पुडिंग सेट हो जाएगी और टेक्सचर भी बेहतर हो जाएगा। मैंगो पुडिंग का स्वाद बढ़ाने के लिए आप ऊपर से कैरेमल टच दे सकते हैं। घर पर कोई मेहमान आ गए हों यो बच्चों को मीठा खाने का मन है तो इस स्वादिष्ट रेसिपी को ट्राई किया जा सकता है।
