आज के समय में हर कोई खूबसूरत दिखना चाहता है। हालांकि, गर्मियों का मौसम शुरू होते ही लोगों को टैनिंग की चिंता सताने लगती है। बता दें, सूरज की तेज गर्मी से अक्सर लोगों को सनबर्न भी हो जाता है, जिससे त्वचा काली पड़ जाती है। हालांकि, घरेलू उपायों के जरिए भी टैनिंग और सनबर्न की इस समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है। त्वचा के लिए मैंगो बटर काफी फायदेमंद होता है।
मैंगो बटर आम के गूदे से नहीं बल्कि गुठली से बनाया जाता है। यह आपकी त्वचा को निखारने के साथ ही टैनिंग, सनबर्न, स्ट्रेच मार्क, झुर्रियां और फाइन लाइन्स को ठीक करने में भी असरदार होता है। आयुर्वेद में आम की गुठलियों का इस्तेमाल सदियों से किया जा रहा है। क्योंकि यह स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद होती हैं।
आम की गुठलियां में भरपूर मात्रा में पोषक तत्व मौजूद होते हैं। यह एंटी-ऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर होती हैं। साथ ही इसमें विटमिन सी, विटमिन ई, जिंक, नेचुरल ऑइल्स, प्रोटीन, फोलेट, पोटैशियम और कैल्शियम भी मौजूद होते हैं।
मैंगो बटर त्वचा संबंधी इन बीमारियों से दिलाता है छुटकारा: मैंगो बटर टैनिंग और सनबर्न को ठीक करने में मददगार है। साथ ही यह त्वचा पर लू का असर नहीं होने देता। इसके इस्तेमाल से त्वची में नमी बनी रहती है। मैंगो बटर स्ट्रेच मार्क्स को ठीक करने में भी कारगर है। यह त्वचा में कसावट लाकर झुर्रियों और फाइन लाइन्स को बनने से रोकता है।
मैंगो बटर में एलोवेरा जेल मिलाकर करें इस्तेमाल: ज्यादा गर्मी और तेज धूप के कारण अगर आपकी त्वचा जल गई है, तो इसके लिए मैंगो बटर को पिघलाकर इसमें एलोवेरा जेल और पुदीने का तेल मिलाएं। फिर इस मिश्रण को ठंडा करने के लिए फ्रिज में रख दें। ठंडा होने के बाद इस पैक को अपने चेहरे पर लगाएं और हल्के हाथों से मसाज करें। कुछ देर मसाज करने के बाद ठंडे पानी से चेहरे को धो लें। इस प्रक्रिया के नियमित इस्तेमाल से आप सनबर्न से छुटकारा पा सकते हैं।
मैंगो बटर और नारियल तेल: अगर आप स्ट्रेच मार्क्स की समस्या से जूझ रहे हैं, तो इसके लिए मैंगो बटर में नारियल तेल को मिला लें। फिर रोजाना इस मिश्रण को स्ट्रेच मार्क्स पर लगाएं। इससे धीरे-धीरे मार्क्स कम होने लगते हैं।

