हिन्दू धर्म में सुहागिन महिलाओं के लिए करवाचौथ का दिन बेहद खास होता है। इस दिन महिलाएं 16 श्रृंगार कर पति की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और खुशहाल दांपत्य जीवन के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। महिलाएं पूरे दिन बिना कुछ खाए-पीए व्रत रखती हैं। शाम को चांद देखने के बाद ही व्रत तोड़ने का रिवाज है। व्रत के बाद महिलाएं भोजन करती हैं, लेकिन पूरे दिन व्रत रखने के बाद शरीर में इतनी ऊर्जा नहीं बचती कि रात का भोजन तैयार करें। ऐसे में पति का फर्ज बनता है कि वह अपनी पत्नी के लिए डिनर तैयार करें। करवाचौथ की शाम अगर आप अपनी पत्नी को खास महसूस कराना चाहते हैं, तो ये 3 स्वादिष्ट और लजीज डिश तैयार कर सकते हैं।
1- केसर फिरनी
करवाचौथ के दिन शाम को खाने में नमकीन डिश के साथ अगर कुछ मीठा मिल जाए तो बात ही अलग होती है। व्रत के बाद आप अपनी पत्नी के लिए केसर फिरनी बना सकते हैं। आइए जानते हैं इसे स्वादिष्ट बनाने की विधि के बारे में:
सामग्री
1 लीटर फुल क्रीम दूध
3 बड़े चम्मच बासमती चावल
5-6 बड़े चम्मच चीनी
15-20 धागे केसर
2 बड़े चम्मच गुनगुना दूध
1/4 छोटा चम्मच हरी इलायची पाउडर
1 बड़ा चम्मच बारीक कटे पिस्ते
1 बड़ा चम्मच बारीक कटे बादाम
इस तरह बनाएं स्वादिष्ट केसर फिरनी
सबसे पहले चावल को धोकर 20 मिनट पानी में भिगो दें। इसके बाद मिक्सर में दरदरा पीस लें। इसके बाद एक भारी तले के बर्तन में दूध उबालें। फिर धीमी आंच पर 5 मिनट पका लें। पिसे हुए चावल में थोड़ा ठंडा दूध मिलाकर घोल बनाएं। इसे उबलते दूध में धीरे-धीरे डालें और लगातार चलाते रहें। इसे धीमी आंच पर 15 से 20 मिनट तक पकाए। बीच-बीच में चलाते रहें, ताकि चावल तले में न चिपके और अच्छी तरह पक जाए।
अब केसर को गुनगुने दूध में 5-10 मिनट भिगोकर रखें। इसके बाद फिरनी में चीनी, केसर वाला दूध और इलायची पाउडर डालकर 3-5 मिनट और पकाएं। गैस बंद करके कटे हुए बादाम और पिस्ते मिलाएं। फिरनी को कटोरियों में निकालें, ठंडा होने के बाद 2-3 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें। ठंडी होने पर यह गाढ़ी हो जाती है।
2- दही के कबाब
करवाचौथ के दिन पूरे दिन बिना कुछ खाए-पीए रहने के बाद शाम को कुछ ऐसा खाने का मन करता है, जो स्वादिष्ट होने के साथ ही पेट भरने वाला हो। ऐसे में स्नैक्स के लिए दही के कबाब बना सकते हैं।
दही कबाब के लिए सामग्री
1 कप गाढ़ा दही
100 ग्राम कद्दूकस किया हुआ पनीर
2 बड़े चम्मच बेसन
2 बड़े चम्मच बारीक कटा प्याज
1 बारीक कटी हरी मिर्च
2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
आधा छोटा चम्मच अदरक का पेस्ट
1/4 छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर
1/4 छोटा चम्मच गरम मसाला
स्वादानुसार नमक
जरूरत के अनुसार ब्रेड का चूरा
कबाब सेंकने के लिए तेल या घी
दही कबाब बनाने के लिए आसान विधि
दही को मलमल के कपड़े में बांधकर 4-6 घंटे फ्रिज में लटका दें, ताकि उसका अतिरिक्त पानी निकल जाए। हालांकि, इसका ऐसे भी इस्तेमाल कर सकते हैं। अब एक बर्तन में दही, कद्दूकस किया पनीर, बेसन, प्याज, हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया, काली मिर्च, गरम मसाला और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें।
मिश्रण ज्यादा नरम हो तो थोड़ा ब्रेड का चूरा मिला लें। अब हाथों पर हल्का तेल लगाकर मिश्रण से छोटे चपटे कबाब बना लें और 15-20 मिनट फ्रिज में रख दें। इसके बाद नॉनस्टिक पैन में 2-3 बड़े चम्मच तेल गरम करें। कबाब को मध्यम से धीमी आंच पर हर तरफ 3-4 मिनट तक सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें।
3- पनीर लबाबदार
मीठा और स्नैक के बाद खाने में आप अपनी पत्नी के लिए पनीर लबाबदार बना सकते हैं। यह एक स्वादिष्ट और मलाईदार पंजाबी डिश है, जिसे टमाटर, काजू, मक्खन और मसालों की ग्रेवी में तैयार किया जाता है। करवाचौथ की शाम आप अपनी पत्नी के लिए ये खास डिश तैयार कर सकते हैं।
पनीर लबाबदार के लिए सामग्री
ग्रेवी के लिए
250 ग्राम पनीर
3 मध्यम आकार के टमाटर
2 मध्यम आकार के प्याज
12-15 काजू
1 इंच का टुकड़ा अदरक
4-5 लहसुन की कलियां
1 हरी मिर्च
2 बड़े चम्मच मक्खन
1 बड़ा चम्मच तेल
3 बड़े चम्मच ताजी क्रीम
1 छोटा चम्मच कसूरी मेथी
आधा छोटा चम्मच जीरा
मसाले के लिए सामग्री
1/4 छोटा चम्मच हल्दी
आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
स्वादानुसार नमक
आधा छोटा चम्मच चीनी (वैकल्पिक)
1 कप पानी
2 बड़े चम्मच हरा धनिया, बारीक कटा हुआ
इस तरह बनाएं पनीर लबाबदार
सबसे पहले एक पैन में 1 छोटा चम्मच तेल गरम करें। कटे प्याज, अदरक, लहसुन और काजू डालकर 3-4 मिनट भून लें। कटे टमाटर और हरी मिर्च डालकर 5-7 मिनट पकाएं, जब तक टमाटर नरम न हो जाएं। मिश्रण ठंडा करके बारीक पीस लें। उसी पैन में बचा तेल और एक बड़ा चम्मच मक्खन गरम करें। जीरा डालें और फिर हल्दी, लाल मिर्च और धनिया डालकर धीमी आंच पर कुछ सेकंड भून लें। अब तैयार पेस्ट डालकर 5-7 मिनट पका लें।
लगभग 1 कप पानी डालें और धीमी आंच पर 5 मिनट उबलने दें। नमक और वैकल्पिक चीनी मिलाएं। इसके बाद 250 ग्राम पनीर को चौकोर टुकड़ों में काटकर ग्रेवी में डालें। धीमी आंच पर 3-4 मिनट पकाएं। इसके बाद बचा हुआ 1 बड़ा चम्मच मक्खन, क्रीम, गरम मसाला और हथेलियों के बीच मसलकर कसूरी मेथी डालें। 1-2 मिनट पकाकर गैस बंद कर दें। ऊपर से हरा धनिया और थोड़ी क्रीम डालकर सजा दें और फिर इसे अपनी पत्नी को परोस दें।
इस तरह आप करवाचौथ के दिन अपनी पत्नी को खास महसूस करवाने के लिए ये तीन स्वादिष्ट और लजीज व्यंजन तैयार कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें
वीकेंड डिनर में लाएं नया जायका, बनाएं मशरूम टिक्का और मसाला पुलाव
