बारिश के मौसम में कुछ गर्म, हल्का और पौष्टिक खाने का मन करता है। ऐसे में रागी (फिंगर मिलेट) से बना सूप एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। कैल्शियम, फाइबर और जरूरी अमीनो एसिड से भरपूर रागी न केवल शरीर को ऊर्जा देती है, बल्कि लंबे समय तक पेट भरा हुआ भी महसूस कराती है। मौसमी सब्जियों और हल्के मसालों के साथ तैयार होने वाला यह क्रीमी सूप स्वाद और सेहत का शानदार मेल है। अच्छी बात यह है कि यह सिर्फ 20 मिनट में बनकर तैयार हो जाता है।
रागी सूप बनाने के लिए सामग्री
2 बड़े चम्मच रागी का आटा, 1 बड़ा चम्मच तेल, 2 लहसुन की कलियां (बारीक कटी हुई), 1 प्याज (बारीक कटा हुआ), ¼ कप गाजर (बारीक कटी हुई), ¼ कप बीन्स (बारीक कटी हुई), 2½ कप वेजिटेबल स्टॉक, ¼ छोटा चम्मच काली मिर्च पाउडर, 1 छोटा चम्मच भुना हुआ जीरा पाउडर, स्वादानुसार नमक, 1 बड़ा चम्मच हरा धनिया (बारीक कटा हुआ), 1 छोटा चम्मच नींबू का रस
रागी सूप बनाने की विधि
तड़का तैयार करें
एक पैन में तेल गर्म करें। इसमें बारीक कटा लहसुन और प्याज डालकर हल्का सुनहरा और खुशबूदार होने तक भून लें।
सब्जियां पकाएं
अब इसमें गाजर और बीन्स डालें। 3-4 मिनट तक मध्यम आंच पर भूनें, ताकि सब्जियां हल्की नरम हो जाएं।
रागी का घोल बनाएं
एक कटोरी में रागी के आटे में थोड़ा पानी डालकर अच्छी तरह मिलाएं, ताकि उसमें कोई गांठ न रहे।
सूप तैयार करें
पैन में वेजिटेबल स्टॉक डालें और उबाल आने दें। अब धीरे-धीरे रागी का घोल डालते हुए लगातार चलाएं, ताकि सूप स्मूद बने। इसे 8-10 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं।
मसाले डालें
अब इसमें नमक, काली मिर्च पाउडर और भुना जीरा पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। सूप के गाढ़ा होने तक कुछ मिनट और पकाएं।
गार्निश करें और परोसें
गैस बंद करने के बाद ऊपर से हरा धनिया और नींबू का रस डालें। गर्मागर्म रागी सूप को टोस्टेड ब्रेड या मल्टीग्रेन ब्रेड के साथ सर्व करें।
रागी सूप पीने के फायदे
कैल्शियम से भरपूर होने के कारण हड्डियों को मजबूत बनाने में मदद करता है। फाइबर की अच्छी मात्रा होने से लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस होता है। पाचन तंत्र के लिए फायदेमंद माना जाता है। ग्लूटेन-फ्री होने के कारण ग्लूटेन से बचने वाले लोगों के लिए अच्छा विकल्प हो सकता है। मानसून के मौसम में शरीर को गर्माहट और ऊर्जा देने में मदद करता है।
(डिसक्लेमर: यदि आपको रागी या किसी अन्य सामग्री से एलर्जी है या आप किसी स्वास्थ्य समस्या से जूझ रहे हैं, तो इस रेसिपी को अपनी डाइट में शामिल करने से पहले डॉक्टर या न्यूट्रिशनिस्ट की सलाह जरूर लें।)
