सुबह का नाश्ता हेल्दी होना जरूरी होता है, ताकि शरीर को दिनभर ऊर्जा मिलते रहे और अन्य जरूरी पोषक तत्वों की पूर्ति भी हो। अक्सर सुबह की भागदौड़ में ये समझ नहीं आता कि क्या बनाया जाए जो स्वादिष्ट होने के साथ ही हेल्दी भी हो। ऐसे में अगर आप नाश्ते के लिए एक स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजन की तलाश कर रहे हैं, तो मूंग दाल और पालक की सॉफ्ट और स्पंजी इडली बना सकते हैं। दरअसल, इन दिनों साउथ इंडियन फूड्स लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। लोग तरह-तरह के दक्षिण भारतीय डिश घर में ट्राई करते हैं। इसकी एक बड़ी वजह यह है कि अधिकतर दक्षिण भारतीय व्यंजन कम तेल या बिना तेल के पकाए जाते हैं, जिसके चलते ये सेहत के लिए काफी फायदेमंद माने जाते हैं। इडली भी इन्हीं में से एक है, जिसे भाप पर पकाया जाता है और इसमें बहुत कम तेल का इस्तेमाल होता है।
मूंग दाल और पालक से बनी हरी-हरी इडली प्रोटीन, आयरन, फाइबर, विटामिन्स और कई जरूरी मिनरल्स से भरपूर होती है। इसके साथ ही यह पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद करती है और शरीर को भरपूर ऊर्जा प्रदान करती है। आइए जानते हैं घर पर बिना छिलके वाली पीली मूंग दाल की इडली बनाने की आसान विधि।
मूंग दाल और पालक की इडली के लिए सामग्री
1 कप बिना छिलके वाली पीली मूंग दाल (3-4 घंटे पानी में भिगोई हुई)
1 कप ताजा पालक (अच्छे से धोकर बारीक कटी हुई या प्यूरी बनाई हुई)
3 बड़े चम्मच दही
1-2 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
1 छोटी चम्मच अदरक का पेस्ट
आधा छोटा चम्मच ईनो या बेकिंग सोडा
नमक स्वादानुसार
1 छोटा चम्मच राई और कढ़ी पत्ता (तड़के के लिए)
1 छोटा चम्मच तेल (तड़का लगाने के लिए और सांचों को चिकना करने के लिए)
मूंग दाल और पालक की इडली बनाने की आसान विधि
सबसे पहले भिगोई हुई मूंग दाल से पानी पूरी तरह निकाल दें। अब इसे मिक्सी के जार में डाल दें और इसमें दही, हरी मिर्च और अदरक का पेस्ट डालकर एकदम स्मूद पेस्ट तैयार कर लें।
अब पिसी हुई दाल के घोल को एक बड़े बर्तन में निकाल लें और इसमें बारीक कटा हुआ पालक या पालक की प्यूरी और नमक डालकर अच्छी तरह फेंट लें।
एक छोटे पैन में आधा चम्मच तेल गर्म करें और फिर इसमें राई और कढ़ी पत्ता चटकाएं। इस तड़के को इडली के घोल में मिला दें। इससे इडली का स्वाद और भी अधिक बढ़ जाता है।
अब इडली के कुकर में 1-2 ग्लास या जरूरत के अनुसार पानी डालकर गैस पर गर्म होने के लिए रख दें। इसके बाद इडली के सांचों या प्लेट्स पर थोड़ा सा तेल लगाकर उन्हें चिकना कर लें ताकि इडली आसानी से निकल जाए।
इडली बनाने से ठीक पहले बैटर में ईनो या बेकिंग सोडा डाल दें। इसके ऊपर एक छोटा चम्मच पानी डालें और हल्के हाथों से बैटर को एक दिशा में मिला दें। इससे घोल फ्लफी हो जाता है।
अब घोल को इडली के सांचों में भर दें। ढक्कन बंद करके मध्यम आंच पर 10-15 मिनट तक भाप में पकने दें। जब ये पक जाए तो गैस बंद कर दें और टूथपिक या चाकू की मदद से इडली को बाहर निकाल लें।
आपकी गरमागरम स्वादिष्ट, मुलायम और पौष्टिक मूंग दाल-पालक इडली तैयार है। इसे आप नारियल की चटनी, सांभर या फिर हरी चटनी के साथ सर्व कर सकते हैं।
Also Read
सुबह या शाम के नाश्ते में खाना है कुछ हेल्दी, इस तरह बनाएं टेस्टी बेसन-ओट्स पैनकेक
