इस वक्त पूरे देश में नवरात्र का त्योहार बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। कई जगहों पर बड़े-बड़े पंडाल लगे हुए हैं, जहां तरह-तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। नवरात्र के नौ दिनों तक मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है। इस दौरान कई लोग व्रत भी रखते हैं। व्रत के दौरान खानपान का काफी ध्यान रखा जाता है। लेकिन कई बार एक ही तरह का भोजन करके मन ऊब जाता है।
दरअसल, व्रत के दौरान खाने के विकल्प बहुत ज्यादा नहीं रहते। ऐसे में फलाहार के लिए साबूदाना खिचड़ी, कुट्टू के आटे की पूड़ी, सिंघाड़े के आटे के पकौड़े और आलू जैसी चीजें बनाई जाती हैं। अगर आप भी हर बार एक जैसा फलाहारी खाना खाकर बोर हो गए हैं, तो इस बार कुछ नया ट्राई कर सकते हैं। व्रत में समा के चावल से स्वादिष्ट इडली बनाई जा सकती है। यह सामान्य चावल की इडली से थोड़ी अलग होती है और इसे व्रत के नियमों के अनुसार तैयार किया जाता है।
समा के चावल की इडली बनाने के लिए सामग्री
1 कप समा के चावल
आधा कप ताजा दही
स्वादानुसार सेंधा नमक
जरूरत के अनुसार पानी
आधा छोटा चम्मच ईनो फ्रट सॉल्ट
इडली के सांचे को चिकना करने के लिए घी या मूंगफली का तेल
समा की इडली बनाने का तरीका
सबसे पहले समा के चालों को अच्छी तरह साफ कर लें। इन्हें दो से तीन बार पानी से धोकर लगभग दो से तीन घंटे के लिए भिगोकर रख दें। इससे चावल नरम हो जाते हैं और उन्हें पीसना आसान हो जाता है। अगर समय पर्याप्त है, तो चावलों को कुछ देर और भिगोकर रखें, ताकि वे अच्छी तरह नरम हो सकें।
भीगे हुए चावलों का पानी निकाल लें। अब इन्हें मिक्सर में डालकर थोड़ा सा पानी मिलाकर दरदरा या हल्का महीन पीस लें। पेस्ट बहुत ज्यादा पतला न हो। इडली का घोल इतना गाढ़ा होना चाहिए कि वह चम्मच से आसानी से गिर सके।
अब पिसे हुए चावल को एक बर्तन में निकाल लें। इसमें ताजा दही और स्वादानुसार सेंधा नमक डालकर अच्छी तरह मिला दें। अगर घोल ज्यादा गाढ़ा लग रहा है, तो थोड़ा पानी मिला सकते हैं। इसके बाद घोल को लगभग 15 से 20 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि चावल नमी सोख लें। इसके बाद इडली बनाने के सांचे में थोड़ा घी या मूंगफली का तेल लगाकर चिकना कर लें। इससे इडली सांचे में चिपकेगी नहीं और आसानी से बाहर निकल आएगी।
अब घोल में ईनो डालना हो, तो भाप में पकाने से ठीक पहले डालें और हल्के हाथ से मिला दें। ईनो का इस्तेमाल तभी करें, जब वह आपके व्रत के नियमों के अनुकूल हो। अब इडली के सांचों में घोल भरें। इडली स्टैंड को पहले से गर्म किए हुए स्टीमर या भगोने में रखें। मध्यम आंच पर लगभग 12 से 18 मिनट तक पकाएं। इसके बाद टूथपिक डालकर जांच लें कि इडली पक गई है या नहीं।
पकने के बाद इडली को कुछ मिनट ठंडा होने दें और फिर सांचे से निकाल लें। समा की इडली को स्वादिष्ट बनाने के लिए इसे फलाहारी चटनी के साथ परोस सकते हैं। इसके लिए आप नारियल या मूंगफली की चटनी बना सकते हैं। साथ ही दही के साथ भी परोस सकते हैं।
यह भी पढ़ें
नवरात्र में माता रानी को चढ़ाएं मालपुआ, जानें बंगाल जैसे मुलायम बनाने की विधि
