गुलाब के फूल रंग, खुशबू और खूबसूरती के लिए जाने जाते हैं। इसे अक्सर लोग अपने बालकनी, छत, बगीचे और आंगन में लगाना पसंद करते हैं। गुलाब के फूल जहां भी होते हैं वहां के वातावरण को सुगंधित और उस जगह को खूबसूरत बनाने में मदद करते हैं। लेकिन कई बार ऐसा होता है कि पौधे में पत्तियां खूब आती हैं, लेकिन फूल कम खिलते हैं। कुछ पौधों में कलियां आने के बाद सूखने लगती हैं, तो कभी फूल खिलने से पहले ही झड़ जाते हैं। अगर आपके भी पौधों के साथ ऐसा हो रहा है, तो इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं। आइए जानते हैं किस तरह इसकी देखभाल करें कि पौधे में ढेरों फूल खिलें:
1- धूप की जांच करें
गुलाब के पौधे में अच्छी तरह फूल खिलने के लिए पर्याप्त धूप मिलना जरूरी है। अगर पौधे को दिनभर छाया में रखा जाता है, तो उसकी बढ़त प्रभावित हो सकती है और फूल भी कम आ सकते हैं। इसलिए गुलाब के पौधे को ऐसी जगह रखें, जहां उसे नियमित 5-6 घंटे की सीधी धूप मिल सके। खासकर सुबह की धूप जरूरी होती है।
2- मिट्टी तो नहीं हो गई है खराब
अगर आप गुलाब के पौधों में अधिक फूल चाहते हैं, तो इसके लिए मिट्टी का पोषक तत्वों से भरपूर होना और उसमें पानी की निकासी अच्छी होना जरूरी है। अगर मिट्टी बहुत सख्त है या गमले में पानी जमा रहता है, तो जड़ों को नुकसान पहुंच सकता है। इसके लिए मिट्टी में अच्छी तरह सड़ी हुई जैविक खाद और जरूरत के अनुसार कोकोपीट या अन्य मिट्टी को हल्का करने वाली सामग्री मिला सकते हैं।
3- पानी देने का तरीका
गुलाब के पौधे में कम या ज्यादा पानी देने से भी इसके विकास में कमी आ सकती है। कम पानी मिलने से पौधा मुरझा सकता है और कलियां सूख सकती हैं। वहीं अधिक पानी देने से जड़ों के सड़ने का खतरा रहता है। पौधे में पानी डालने से पहले मिट्टी की ऊपरी सतह को उंगली से छूकर देखें। अगर मिट्टी सूखी लगे, तो पानी दें। पानी इतना डालें कि वह गमले के नीचे बने छेदों से बाहर निकलने लगे।
4- खाद देने का समय
गुलाब के पौधे में लगातार फूल खिलने के लिए पोषक तत्वों की जरूरत होती है। लंबे समय तक एक ही मिट्टी में लगे रहने पर गमले के पोषक तत्व कम हो सकते हैं। ऐसे में पौधे को समय-समय पर खाद देना जरूरी होता है। इसके लिए वर्मी कंपोस्ट, अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद या उपयुक्त उर्वरक डाल सकते हैं।
5- गलत गमले में तो पौधा नहीं लगा
कई बार गलत गमले में पौधा लगाने से भी फूलों को खिलने में समस्या होती है। अगर पौधा छोटे गमले में लगा है और उसकी जड़ें पूरी जगह घेर चुकी हैं, तो पौधे की बढ़वार प्रभावित हो सकती है। ऐसे में जरूरत के अनुसार उसे थोड़े बड़े गमले में लगाया जा सकता है।
ध्यान रखें ये बातें
इसके अलावा गुलाब के पौधे की समय-समय पर छंटाई करते रहें।
सूखे फूलों और पत्तियों को समय-समय पर हटाते रहें।
पौधे को कीटों और बीमारियों से बचाने के लिए नमी, खली का पानी या कीटनाशक दवाओं का इस्तेमाल कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें
फूलों से खिल उठेगी बालकनी, एक अपराजिता की कटिंग से ऐसे तैयार करें कई नए पौधे
