बच्चें हो या बड़े, लगभग हर कोई पिज्जा खाना पसंद करता है। लेकिन आमतौर पर पिज्जा का बेस मैदे से तैयार किया जाता है, जो सेहत के लिए नुकसानदायक होता है। मैदे का अधिक सेवन पाचन संबंधी दिक्कतों के साथ ही वजन बढ़ाने और सुस्ती जैसी समस्याओं का कारण बन सकता है। साथ ही इसे पचने में भी ज्यादा समय लगता है। यही वजह है कि हेल्थ कॉन्शियस लोग अक्सर पिज्जा खाने से दूरी बना लेते हैं। लेकिन आपकी यह समस्या दूर हो सकती है। क्योंकि, आप बिना मैदा के भी स्वादिष्ट और हेल्दी पिज्जा तैयार कर सकते हैं। कुछ आसान और पौष्टिक विकल्पों की मदद से घर पर ऐसा पिज्जा बनाया जा सकता है, जो स्वाद में भी शानदार हो और सेहत के लिए भी बेहतर साबित हो।

मैदा की जगह आप सूजी का पिज्जा बना सकते हैं, जो खाने में हेल्दी होने के साथ ही स्वादिष्ट भी होता है। आइए जानते हैं यहां सूजी का पिज्जा बनाने की आसान रेसिपी क्या है।

सूजी पिज्जा बनाने की सामग्री

1 कप सूजी
आधा कप दही
नमक स्वादानुसार
1 छोटा चम्मच बेकिंग सोडा
बारीक कटी हुई शिमला मिर्च
2-3 बड़े चम्मच स्वीट कॉर्न
1 मध्यम आकार का टमाटर (बारीक कटा हुआ)
आधा कप पनीर के छोटे टुकड़े
2 बड़े चम्मच टोमैटो केचप
आधा कप मोजरेला चीज (कद्दूकस किया हुआ)
आधा छोटा चम्मच चिली फ्लेक्स
आधा छोटा चम्मच ऑरिगेनो

वहीं, स्वाद बढ़ाने के लिए आप बारीक कटा प्याज, जैतून या उबली हुई सब्जियों को भी इसमें शामिल कर सकते हैं।

सूजी पिज्जा बनाने की रेसिपी

सबसे पहले एक बाउल में सूजी, दही और थोड़ा सा पानी डालकर गाढ़ा बैटर तैयार कर लें। बैटर न ज्यादा पतला और न ही बहुत ज्यादा गाढ़ा होना चाहिए। इसे 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए और बेस नरम बने।

अब बैटर में नमक और बेकिंग सोडा डालकर हल्का सा मिला लें। इसके बाद नॉन-स्टिक तवा गरम करें और उस पर थोड़ा सा तेल लगाकर ग्रीस कर लें। तवा गरम होने पर बैटर डालें और हल्के हाथ से फैलाएं। ध्यान रखें कि बैटर को बहुत पतला न करें, क्योंकि पिज्जा का बेस थोड़ा मोटा अच्छा लगता है।

अब तवे को ढककर धीमी आंच पर 2-3 मिनट तक पकाएं। जब बेस नीचे से गोल्डन ब्राउन और हल्का कुरकुरा हो जाए, तो समझ जाएं कि पिज्जा का बेस तैयार है। इसके बाद इसे पलट दें और गैस की आंच धीमी कर दें।

अब पकी हुई तरफ पर टोमैटो केचप या पिज्जा सॉस फैलाएं। उसके ऊपर कटी हुई शिमला मिर्च, स्वीट कॉर्न, टमाटर, पनीर के टुकड़े और अपनी पसंद की अन्य सब्जियां डालें। अंत में ऊपर से मोजरेला चीज डाल दें।

तवे को दोबारा ढक दें और 4-5 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें, ताकि चीज अच्छी तरह पिघल जाए और टॉपिंग भी हल्की पक जाए। जब चीज मेल्ट हो जाए, तो गैस बंद कर दें। ऊपर से चिली फ्लेक्स और ऑरिगेनो छिड़कें। आपका टेस्टी और हेल्दी सूजी पिज्जा तैयार है।

Also Read
सुबह के वक्त 15 मिनट में बनने वाला हेल्दी नाश्ता, ट्राई करें सूजी कॉर्न अप्पे