भारतीय हर साल 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस मनाते हैं। सन् 1947 में इसी दिन भारत को अंग्रेजी शासन से आजादी मिली थी। इस राष्ट्रीय पर्व के मौके पर देशभर में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। इस मौके पर स्कूलों से लेकर दफ्तरों और सोसाइटियों तक में ध्वजारोहण, राष्ट्रगान, भाषण, देशभक्ति गीत, नृत्य, कविता पाठ और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसके साथ ही इस खास मौके पर लोग मिठाइयां भी बनाते हैं। अक्सर लोगों के बीच लड्डू और गुझिया बांटने की परंपरा है।

अक्सर लोग गुझिया बाजार से खरीदकर खाना और बांटना पसंद करते हैं। लेकिन आप इस मौके पर घर पर भी आसानी से स्वादिष्ट मावा गुझिया बना सकते हैं। आइए जानते हैं गुझिया बनाने की सबसे आसान रेसिपी और इसमें क्या-क्या मिलाएं जिससे ये और स्वादिष्ट बनें।

मावा गुझिया बनाने के लिए सामग्री

2 कप मैदा
4 बड़े चम्मच घी
जरूरत के अनुसार पानी
तलने के लिए तेल या घी
250 ग्राम खोया
आधा कप पिसी हुई चीनी
1/4 कप बारीक कटे काजू
1/4 कप बारीक कटे बादाम
2 बड़े चम्मच किशमिश
2 बड़े चम्मच सूखा नारियल कद्दूकस किया हुआ
आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर
2 बड़े चम्मच सूजी, वैकल्पिक

मावा गुझिया की आसान रेसिपी

एक बड़े बर्तन में मैदा लें और इसमें घी डालकर अच्छी तरह मिला दें। हाथ से मैदा और घी को तब तक मसलें, जब तक मिश्रण मुट्ठी में दबाने पर बंधने लगे। यह गुझिया बाहर से कुरकुरी बनती है। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए मध्यम सख्त आटा गूंथ लें। आटे को न तो बहुत नरम रखें और न ही बहुत कड़ा। इसे गीले कपड़े से ढककर करीब 20-25 मिनट के लिए रख दें।

एक कड़ाही को धीमी आंच पर गर्म करें और उसमें मावा डालें। मावे को लगातार चलाते हुए हल्का सुनहरा और खुशबूदार होने तक भूनें। मावा भूनने के बाद गैस बंद कर दें और उसे पूरी तरह ठंडा होने दें। इसके बाद इसमें पिसी हुई चीनी, कटे हुए काजू-बादाम, किशमिश, नारियल और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें। भरावन को थोड़ा दानेदार बनाने के लिए सूजी को अलग से हल्का भूनकर ठंडी होने के बाद इसमें मिला सकते हैं।

अब तैयार आटे की छोटी-छोटी लोइयां बना लें। एक लोई को लेकर पतली पूरी की तरह बेलें। इसके बीच 1 से डेढ़ चम्मच मावे की भरावन रखें। पूरी के किनारों पर हल्का पानी लगाएं और इसे मोड़कर गुझिया का आकार दे दें। किनारों को उंगलियों से अच्छी तरह दबाकर बंद कर दें। चाहें तो गुझिया बनाने वाले बॉक्स का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

अब एक कड़ाही में तेल या घी गर्म करें। घी गर्म होने के बाद कड़ाही में कुछ गुझिया डालें और धीमी से मध्यम आंच पर तल लें। उन्हें धीरे-धीरे पलटते रहें, ताकि गुझिया चारों तरफ से समान रूप से सुनहरी और कुरकुरी हो जाए। अब आपकी गुझिया तैयार है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर आप इसे बांट भी सकते हैं और साथ ही बची हुई गुझिया को एयरटाइट डिब्बे में पैक कर कुछ दिनों के लिए रख भी सकते हैं।

यह भी पढ़ें
स्नैक्स में कुछ स्वादिष्ट और हेल्दी खाना है, तो इस तरह झटपट बना लें चना-शकरकंद कबाब