त्योहार के मौके पर महिलाएं खास तरह से तैयार होती हैं। लेकिन कई बार भागदौड़ के बीच इतना समय नहीं बचता कि वह अपनी त्वचा का ध्यान रख पाएं। धूल-मिट्टी, प्रदूषण और लगातार काम करने की वजह से चेहरा थका हुआ और बेजान नजर आने लगता है। त्योहार के मौके पर हर कोई चाहता है कि उसका चेहरा साफ और खिला-खिला दिखाई दे। हालांकि, इसके लिए जरूरी नहीं है कि हर बार पार्लर जाकर महंगे फेशियल या ब्यूटी ट्रीटमेंट कराएं। कुछ घरेलू नुस्खे भी हैं, जिनकी मदद से त्वचा की प्राकृतिक रूप से देखभाल की जा सकती है। मसूर दाल भी इन्हीं में से एक है।
मसूर दाल को पीसकर तैयार किया गया पेस्ट त्वचा की ऊपरी सतह पर मौजूद गंदगी और मृत कोशिकाओं को हटाने में मदद कर सकता है। इसमें कुछ प्राकृतिक चीजें मिलाकर फेस पैक तैयार किया जा सकता है। आइए जानते हैं घर पर मसूर दाल फेस पैक कैसे बनाएं और लगाएं।
फेस पैक बनाने के लिए सामग्री
2 बड़े चम्मच मसूर दाल
जरूरत के अनुसार पानी
बनाने का तरीका
सबसे पहले दो बड़े चम्मच मसूर दाल को अच्छी तरह साफ कर लें। अब इसे एक कटोरी पानी में डालकर रातभर भिगो दें। सुबह दाल का अतिरिक्त पानी निकाल लें। इसके बाद भीगी हुई दाल को मिक्सी में डालकर बारीक पीस लें। जरूरत पड़ने पर इसमें थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा और मुलायम पेस्ट तैयार कर लें। पेस्ट में दाल के मोटे दाने नहीं होने चाहिए।
चेहरे पर लगाने का तरीका
सबसे पहले हल्के फेस वॉश से अपना चेहरा धो लें। इसके बाद तैयार मसूर दाल के पेस्ट को चेहरे और गर्दन पर समान रूप से लगा लें। ध्यान रहे आंखों और होंठों के आसपास लगाने से बचना है। इसे करीब 10-15 मिनट तक चेहरे पर लगा रहने दें। इसके बाद सामान्य पानी से चेहरा धो लें और तौलिए से थपथपा कर पोंछ लें। अंत में अपनी त्वचा के अनुसार मॉइस्चराइजर लगा लें।
मसूर दाल फेस पैक लगाने के फायदे
मसूर दाल का बारीक पेस्ट त्वचा की ऊपरी सतह पर जमा गंदगी और मृत कोशिकाओं को हटाने में मदद कर सकता है। चेहरा तरोताजा महसूस होता है। साथ ही त्वचा की ऊपरी सतह की सफाई में भी मदद कर सकता है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। त्वचा में किसी भी तरह का बदलाव करने या घरेलू नुस्खा आजमाने से पहले अपने डॉक्टर या विशेषज्ञ से एक बार सलाह जरूर लें।
यह भी पढ़ें
घर पर आसानी से करें बालों को डाई, सफेद बालों के लिए आजमाएं ये 2 तरीके
