व्रत में जब भी हमारा मन मीठा खाने का करता है तो हलवा या खीर का ख्याल मन में आता है। हालांकि व्रत के दौरान खाने में बहुत कम विकल्प बचते हैं। जिसकी वजह से बार-बार एक ही तरह की चीजों को खाना पड़ सकता है। आमतौर पर व्रत के दौरान समा के चावल की खीर बनाई जाती है। समा के चावल को व्रत के चावल या सामक भी कहा जाता है। यह पारंपरिक चावल नहीं होते बल्कि यह धान का एक प्रकार होता है, जिसे मुख्य रूप से व्रत और उपवास में खाया जा सकता है। यह पूरी तरह ग्लूटन फ्री होता है। इसे व्रत के दौरान डाइट में अलग-अलग तरीकों से भी शामिल किया जाता है।

नवरात्रि शुरू हो चुकी है और ऐसे में ज्यादातर लोग व्रत रखते हैं। इस दौरान अगर आप समा की खीर नहीं खाना चाहते हैं, तो नौ दिनों तक रोजाना अलग-अलग तरह की खीर रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। इससे व्रत के दौरान स्वाद में बदलाव आएगा, क्योंकि हर रोज एक ही तरह का खाना बोरिंग लग सकता है।

साबूदाने की खीर

व्रत के दौरान अक्सर साबूदाने को अलग-अलग तरीकों से बनाया जाता है। इसकी खिचड़ी कई लोगों को पसंद होती है। अगर आपको मीठा खाने का मन है, तो साबूदाने की खीर बना सकते हैं। इसे बनाना बहुत ही आसान है। इसे बनाने के लिए साबूदाने को अच्छी तरह पानी से धो लें। सबसे पहले पैन में दूध को उबालने के लिए रख दें। जब दूध में उबाल आ जाए, तो इसमें साबूदाना डाल दें। कुछ देर बाद इसमें चीनी और इलायची पाउडर मिलाएं। जब साबूदाना अच्छी तरह पक जाए, तो गैस को बंद कर दें। इसमें आप ऊपर से कटे हुए सूखे मेवे डाल सकते हैं।

मखाने की खीर

मखानों को घी में रोस्ट करके व्रत में आपने कई बार खाया होगा। लेकिन इस बार मखानों से खीर बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए सबसे पहले मखानों को घी में रोस्ट कर लें। जब यह कुरकुरे हो जाएं तो इन्हें प्लेट में निकाल लें। अब आधे मखानों को दरदरा पीस लें और बाकी के मखानों को साबुत रहने दें। अब एक बर्तन में दूध को उबालने के लिए रख दें। इसे धीमी आंच पर गाढ़ा होने तक पकाएं। अब इसमें मखानों और चीनी को डाल दें। इसके बाद ऊपर से ड्राई फ्रूट्स और केसर डालें। खीर को अच्छी तरह मिक्स करें। जब यह हल्की गाढ़ी हो जाए, तो गैस बंद कर दें।

लौकी की खीर

व्रत में लौकी का हलवा तो आपने कई बार खाया होगा, लेकिन क्या आपने इसकी खीर खाई है? अगर नहीं, तो इस बार लौकी की खीर रेसिपी को ट्राई किया जा सकता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले लौकी को धोकर अच्छी तरह छील लें। अब इसे कद्दूकस करके अतिरिक्त पानी निकाल लें। अब एक पैन में घी डालकर लौकी को करीब 3 से 4 मिनट तक भून लें। इसके बाद इसमें फुल क्रीम दूध डालें। इसे धीमी आंच पर पकने दें। जब यह गाढ़ी होने लगे तो इसमें चीनी और इलायची पाउडर डालें। आप चाहें तो इसमें बादाम, काजू और नारियल भी डाल सकते हैं।

नारियल की खीर

नारियल से व्रत के लिए रेसिपी तैयार करनी है, तो इसकी खीर बनाई जा सकती है। इसके लिए कच्चा नारियल लें और उसके पीछे का ब्राउन हिस्सा छीलकर अलग कर लें। आप चाहें तो इसे कद्दूकस कर सकते हैं या फिर मिक्सी में दरदरा पीस लें। अब दूध को गरम करें और इसमें उबाल आने पर नारियल को डाल दें। जब यह हल्का गाढ़ा होने लगे तो इसमें ड्राई फ्रूट्स और इलायची पाउडर मिलाएं।

शकरकंद की खीर

शकरकंद की खीर बनाने के लिए सबसे पहले इसे धोकर उबाल लें। अब इन्हें छीलकर कद्दूकस कर लें। एक पैन में घी डालकर शकरकंद को हल्का भून लें। अब दूध को गरम करने के लिए रख दें। जब इसमें उबाल आ जाए तो इसमें शकरकंद को मिला दें। इसे कुछ देर पकने दें और फिर स्वादानुसार चीनी मिलाएं। अंत में ऊपर से ड्राई फ्रूट्स और केसर मिला सकते हैं।

ड्राई फ्रूट्स की खीर

अगर आप हेल्दी और स्वादिष्ट रेसिपी ट्राई करना चाहते हैं, तो ड्राई फ्रूट्स (सूखे मेवे) की खीर बना सकते हैं। इस खीर को बनाने के लिए सबसे पहले फुल क्रीम दूध को उबलने दें। जब दूध हल्का गाढ़ा होने लगे तो इसमें बारीक कटे हुए ड्राई फ्रूट्स जैसे बादाम, खजूर, काजू, नारियल, पिस्ता और किशमिश डाल दें। व्रत के दौरान यह झटपट बनने वाली स्वादिष्ट रेसिपी है।

सेब की खीर

व्रत में सेब आपने कई बार खाया होगा, लेकिन इससे आप खीर भी बना सकते हैं। यह पारंपरिक खीर से थोड़ी अलग होती है। इसे बनाने के लिए सेब को पकाया जाता है। एक पैन में घी डालकर गरम करें और उसमें कद्दूकस किया हुआ सेब डालें। इसे लगातार चलाते हुए धीमी आंच पर भून लें। जब यह सूख जाए तो गैस बंद कर दें और इसे ठंडा होने दें। अब दूध में उबाल आने तक गरम करें। जब दूध गाढ़ा होने लगे तो इसमें सेब को डालें। साथ ही चीनी और इलायची पाउडर डाल दें। इसे कुछ देर पकने दें और फिर गैस बंद कर दें।