अक्सर लोग नाश्ते में ऐसी डिश की तलाश करते हैं जो हेल्दी होने के साथ ही आसानी से बन जाए। वैसे तो कई तरह के व्यंजन हैं लेकिन अब आप ब्रेकफास्ट में पुट्टू और कडला करी बना सकते हैं। ये केरल का एक पारंपरिक नाश्ता है जिसे बनाना काफी आसान है। पुट्टू भुने हुए चावल के आटे और नारियल से बनता है, जो हल्का और सादा होता है। वहीं कडला करी इसमें स्वाद और गहराई जोड़ती है। यह काले चने से बनाई जाती है, जिन्हें मसालों और भुने हुए नारियल के साथ पकाया जाता है, जिससे इसकी ग्रेवी गाढ़ी और स्वादिष्ट बनती है। दक्षिण भारत में यह व्यंजन काफी प्रसिद्ध है और इसे काफी पुरानी डिश में से एक बताया जाता है। दक्षिण भारतीय इन दोनों डिश को पुराने स्टाइल में ही बनाते हैं, क्योंकि इनमें सामग्री से अधिक सही तकनीक मायने रखती है। यह स्वादिष्ट नाश्ता केरल के घरों, सड़क किनारे दुकानों और रेस्टोरेंट्स में आसानी से मिल जाता है। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी क्या है।
पुट्टू बनाने की सामग्री
2 कप भुना हुआ चावल का आटा (पुट्टू पोडी)
1 कप कद्दूकस किया हुआ नारियल
नमक स्वादानुसार
जरूरत के अनुसार हल्का गुनगुना पानी
बता दें कि, पुट्टू का सही टेक्सचर गूंथने से नहीं, बल्कि आटे में धीरे-धीरे नमी मिलाने और सही तरीके से भाप में पकाने पर निर्भर करता है।
पुट्टू बनाने की विधि
एक बाउल में भुना हुआ चावल का आटा डाल दें और उसमें नमक मिला लें। इसमें धीरे-धीरे पानी डालते हुए हाथों से मिलाएं, जब तक आटा हल्का नम और भुरभुरा न हो जाए।
थोड़ा सा आटा हाथ में लेकर दबाकर देखें। यह हल्का सा जुड़ना चाहिए और फिर आसानी से टूट जाना चाहिए।
अब इस मिश्रण को 15-20 मिनट के लिए ढककर रख दें। इसके बाद पुट्टू मेकर में पहले नारियल की परत डालें, फिर आटे की परत। इसी तरह बारी-बारी से परतें लगाएं और सबसे ऊपर नारियल रखें।
मध्यम आंच पर 8-10 मिनट तक भाप में पकाएं, जब तक अच्छी तरह से भाप निकलने लगे। आपका पुट्टू तैयार है।
कडला करी रेसिपी: इसका स्वाद भुने हुए नारियल और धीमी आंच पर पकाने से और भी गहरा और स्वादिष्ट बनता है।
कडला करी बनाने की सामग्री
1 कप काला चना (कडला) रातभर भिगोया हुआ
2 बड़े चम्मच नारियल तेल
1 बड़ा पतला कटा हुआ प्याज
1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन पेस्ट
2-3 हरी मिर्च (लंबी चीरी हुई)
1 कटा हुआ टमाटर
आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1-2 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
1 बड़ा चम्मच धनिया पाउडर
1 छोटा चम्मच गरम मसाला
आधा कप कद्दूकस किया हुआ नारियल
तड़के के लिए सामग्री
1 छोटा चम्मच नारियल तेल
1 छोटा चम्मच राई
12-15 करी पत्ते
3-4 कटे हुए छोटे प्याज
कडला करी बनाने की विधि
काले चने को 2-3 कप पानी और नमक के साथ प्रेशर कुकर में 6-8 सीटी आने तक पकाएं, जब तक वे नरम न हो जाएं।
कद्दूकस किए हुए नारियल को 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर और आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर के साथ गहरा भूरा होने तक भूनें। ठंडा होने के बाद इसे पीसकर चिकना पेस्ट बना लें।
अब एक पैन में तेल गरम करें। इसमें राई डालकर चटकाएं, फिर करी पत्ते, छोटे प्याज, हरी मिर्च, अदरक-लहसुन पेस्ट और कटा हुआ प्याज डालें। इसे सुनहरा होने तक भूनें।
इसके बाद इसमें हल्दी, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और टमाटर डालकर अच्छी तरह पकाएं, जब तक टमाटर नरम न हो जाए। अब इसमें नारियल का पेस्ट और उबले हुए चने को उसके पानी सहित डालें।
इसे 10-15 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें। आखिर में ऊपर से नारियल तेल का तड़का डालें। आपकी कडला करी बनकर तैयार है।
केरल में पुट्टू और कडला करी को लोग पके हुए केले या पापड़ के साथ परोसते हैं।
Also Read
बचे हुए चावल से बनाएं पांता भात डिश, बंगाल में लोग स्वादिष्ट बनाने के लिए मिलाते हैं ये चीजें
