गुड़हल के पौधे को लोग इसके बड़े और चमकदार फूलों के कारण अपने घर के गार्डन या फिर बालकनी में लगाते हैं। दरअसल, गुड़हल के फूलों का उपयोग पूजा के साथ-साथ तरह-तरह की चीजों में भी किया जाता है।

वहीं, कई बार सही देखभाल नहीं मिलने के कारण इसमें फूल कम आने लगते हैं। ऐसे में अधिकतर लोग मार्केट में मिलने वाली केमिकल खाद खरीदकर इसमें डालते हैं। हालांकि, आप किचन वेस्ट से इसके लिए अपने घर पर ही खाद तैयार कर सकते हैं। यह खाद इसकी ग्रोथ और फ्लावरिंग दोनों में मददगार साबित हो सकती है।

किचन वेस्ट से कैसे बनाएं खाद?

किचन वेस्ट से खाद तैयार करने के लिए केले के छिलके और चायपत्ती का उपयोग किया जा सकता है। इसके लिए सबसे पहले 4 केले के छिलकों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। अब इस्तेमाल की हुई चायपत्ती को अच्छी तरह धोकर सुखा लें। इसके बाद इन दोनों को मिक्सर में थोड़ा पानी डालकर पीस लें। इसे एक दिन तक ऐसे ही रहने दें। अगले दिन इसे एक लीटर पानी में मिलाकर पौधे की जड़ों में डाल दें।

पौधों के लिए फायदेमंद है यह खाद

केले के छिलके और चायपत्ती से बनी यह खाद पौधों के लिए बेहतर होती है। दरअसल, केले के छिलकों में पोटैशियम और फॉस्फोरस भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। वहीं, चायपत्ती मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने में मदद करती है। ऐसे में इसे पौधों में डालने से उनकी ग्रोथ अच्छी हो जाती है।