बारिश के मौसम में अक्सर चाय के साथ कुछ चटपटा और क्रिस्पी खाने का मन करता है। ऐसे में ज्यादातर लोग बाजार से समोसे, पकौड़ा और दूसरी तली-भुनी चीजें मंगाते हैं। बाजार से मिलने वाली ये चीजें भले स्वादिष्ट हो सकती हैं, लेकिन ये सेहत के लिए फायदेमंद होंगे या नहीं, यह कहना सही नहीं होगा, क्योंकि इसमें तेल व मसालों की मात्रा अधिक हो सकती है। साथ ही कई बार एक ही तेल को बार-बार इस्तेमाल किया जाता है, जिसके चलते उसमें बनाई गई चीजें सेहत के लिए फायदेमंद नहीं मानी जाती है।

ऐसे में आप झमाझम बारिश के समय घर पर ही कई तरह के स्वादिष्ट और कुरकुरे व्यंजन बना सकते हैं, जिसमें से एक मशरूम भी है। अधिकतर लोग मशरूम की ग्रेवी वाली सब्जी बनाना पसंद करते हैं। लेकिन बारिश के मौसम में आप शाम की चाय के साथ मशरूम पकौड़ा भी बना सकते हैं। आइए जानते हैं मशरूम पकौड़ बनाने की आसान विधि क्या है।

मशरूम पकौड़ा बनाने के लिए सामग्री

200 ग्राम मशरूम (चार टुकड़ों में काटे हुए)
1 कप बेसन
2 बड़े चम्मच चावल का आटा
आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
आधा छोटा चम्मच गरम मसाला
आधा छोटा चम्मच अजवाइन
1 बारीक कटी हुई हरी मिर्च
1 छोटा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट
2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
नमक स्वादनुसार
तलने के लिए तेल
जरूरत के अनुसार पानी

मशरूम पकौड़ा बनाने की आसान विधि

सबसे पहले मशरूम को अच्छी तरह धोकर चार टुकड़ों में काट लें। अब कटे हुए मशरूम को सूखे कपड़े या टिश्यू पेपर से अच्छी तरह पोछ लें, ताकि अतिरिक्त नमी निकल जाए।

अब एक बड़े बाउल में चावल का आटा, बेसन, हल्दी, अजवाइन, हरी मिर्च, लाल मिर्च पाउडर, गरम मसाला, अदरक-लहसुन का पेस्ट, हरा धनिया और नमक डालकर अच्छी तरह मिक्स कर लें। इसके बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए गाढ़ा और स्मूद घोल तैयार कर लें। घोल इतना गाढ़ा होना चाहिए कि वह मशरूम पर अच्छी तरह चिपक जाए।

अब एक गहरे तले वाली कड़ाही में मध्यम आंच पर तेल गर्म करें। तेल गर्म हो जाने के बाद मशरूम के टुकड़ों को घोल में अच्छी तरह लपेटकर गर्म तेल में डाल दें और मध्यम आंच पर सुनहरा और कुरकुरा होने तक तल लें।

आपका मशरूम पकौड़ा तैयार है। अब इसे टिस्यू पेपर पर निकाल लें, ताकि अतिरिक्त तेल निकल जाए। इसे आप शाम की चाय के साथ गरमागरम परोस सकते हैं।

Also Read
कुछ क्रिस्पी और कुरकुरा खाने का मन है, ओट्स से बनाएं ये 3 स्वादिष्ट और हेल्दी डिश