दीवाली के मौके पर लोग अपने घरों की साफ-सफाई कर सजावट करते हैं। सजावट का काम कुछ दिन पहले से ही शुरू हो जाता है। अक्सर लोग अपने घर की सजावट इस तरह करना चाहते हैं कि वह दिखने में थोड़ा आकर्षक और अलग नजर आए। दीवाली रर लाइट की सजावट खूब की जाती है, जिसके लिए लोग अक्सर बाजार से लैंप, लैंटर्न, झालर और अन्य तरह के लाइट्स खरीदते हैं। हालांकि, आप घर पर भी सजावटी लाइटें बना सकते हैं।

घर पर आप बेकार पड़े पुराने जार की मदद से लैंटर्न बना सकते हैं। कांच के जार के अंदर जब गर्म पीली रोशनी वाली एलईडी लाइटें जलती हैं, तो इनसे निकलने वाली हल्की रोशनी घर को सुकून भरा और आकर्षक बनाती है। इन्हें आप अपनी पसंद के रंग, डिजाइन और सजावट के अनुसार तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं घर पर लैंटर्न किस तरह बनाएं।

जरूरत के सामान

2-3 पुराने कांच के जार
एलईडी फेयरी लाइट्स
जूट की रस्सी या रंगीन सजावटी धागा
सजावटी लेस या छोटे कृत्रिम फूल
गोंद या ग्लू डॉट्स
रंगीन रिबन और मोती (वैकल्पिक)
साफ कपड़ा

सजावटी लैंटर्न बनाने का तरीका

सबसे पहले पुराने कांच के जार से उसका लेबल हटा लें। इसके बाद जार को कुछ देर गुनगुने पानी में भिगोकर रखें और साबुन से साफ करें। जार को अच्छी तरह धोने के बाद सूखे कपड़े से पोंछ लें। जार के अंदर बिल्कुल भी नमी नहीं रहनी चाहिए। अब जार के मुंह के नीचे वाले हिस्से पर जूट की रस्सी या अपनी पसंद का रंगीन धागा लपेटें। इसे दो से चार बार घुमाकर गोंद की मदद से चिपका दें। चाहें तो जार के मुंह के चारों ओर सुनहरी लेस या लाल रंग का रिबन भी लगा सकते हैं।

अब जार के अंदर बैटरी से चलने वाली छोटी एलईडी फेयरी लाइट्स को सावधानी से डाल दें। लाइटों के तार को इस तरह व्यवस्थित करें कि वे जार के अंदर खूबसूरती से फैले हुए दिखाई दें। बैटरी बॉक्स को जार के बाहर ही रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर लाइटें आसानी से चालू या बंद की जा सकें। जार के ऊपरी हिस्से पर छोटे कृत्रिम फूल, मोती या सजावटी लेस लगाएं। अब चाहें तो जार के बाहरी हिस्से पर छोटे रंगीन स्टिकर भी चिपका सकते हैं। इसके बाद लाइटें चालू करें और इसे सजावट के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं।

अलग-अलग आकार के तीन कांच के जार को भी इसी तरह सजाकर इस्तेमाल कर सकते हैं। इन्हें प्रवेश द्वार, डाइनिंग टेबल, बालकनी से लेकर बेडरूम तक में सजावट के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें
दीवाली की सफाई में छूट न जाए डोरमैट, इस तरह करें मिनटों में साफ