बिहार और पूर्वांचल उत्तर प्रदेश के पारंपरिक और प्रसिद्ध व्यंजनों में से एक बाटी चोखा भी शामिल है। आज बाटी चोखा न यूपी-बिहार ही नहीं, बल्कि देश में कई राज्यों में भी प्रसिद्ध हो चुका है। आमतौर पर लोग आलू, बैंगन और टमाटर डालकर चोखा तैयार करते हैं। लेकिन कई बार एक ही तरह के स्वाद से मन उब जाता है और कुछ ऐसा खाने का मन करता है, जो स्वादिष्ट होने के साथ-साथ सेहतमंद भी हो। अगर आपके साथ भी ये समस्या है, तो अब आलू-बैंगन की जगह बड़ी अरबी का चोखा ट्राई कर सकते हैं।
बड़ी अरबी के साथ सरसों का तेल, लहसुन, हरी मिर्च और प्याज डालकर चोखा बनाया जाता है, जिसका स्वाद भी लाजवाब होता है। बड़ी अरबी का चोखा आप रोटी, पराठे, दाल-चावल या लिट्टी के साथ भी खा सकते हैं। आइए जानते हैं इसे घर पर स्वादिष्ट किस तरह बनाएं और क्या-क्या चीजें मिलाएं।
बड़ी अरबी का चोखा बनाने के लिए सामग्री
500 ग्राम बड़ी अरबी
1 मध्यम बारीक कटा प्याज
2-3 हरी मिर्च
4-5 लहसुन की कलियां
2 बड़े चम्मच ताजा हरा धनिया
1-2 बड़े चम्मच सरसों का तेल
1 छोटा चम्मच नींबू का रस
स्वादानुसार नमक
आधा छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर (वैकल्पिक)
बनाने की आसान विधि
सबसे पहले बड़ी अरबी को साफ पानी से धोकर उस पर लगी मिट्टी को साफ कर लें। इसके बाद कुकर में पर्याप्त पानी डालकर इसे नरम होने तक उबाल लें। हालांकि, ये गलनी नहीं चाहिए। उबली हुई अरबी को थोड़ा ठंडा होने दें। इसके बाद इसके छिलके उतार लें। अरबी को कांटे या मैशर की मदद से अच्छी तरह मसल लें। इसे पूरी तरह पेस्ट बनाने के बजाय हल्का दरदरा रखें, ताकि चोखे में देसी स्वाद और बनावट बनी रहे।
अब मसली हुई अरबी में बारीक कटा प्याज, कटी हरी मिर्च, बारीक कटा लहसुन और हरा धनिया डालें। ये चीजें चोखे को तीखा और स्वादिष्ट बनाती हैं। लहसुन को भूनकर भी मिलाया जा सकता है। अब इसमें सरसों का तेल, नमक और भुना जीरा पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं। सरसों का तेल चोखे को पारंपरिक देसी खुशबू देता है। अंत में नींबू का रस डालें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। तैयार चोखे को कुछ मिनट के लिए रख दें, ताकि मसालों का स्वाद अच्छी तरह मिल जाए। इसे गर्म रोटी, पराठे, दाल-चावल या लिट्टी के साथ परोस सकते हैं। इस तरह आप आसानी से बड़ी अरबी का स्वादिष्ट चोखा तैयार कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें
नवरात्र व्रत में खाएं शुद्ध राजगीरे का आटा, घर पर ऐसे करें तैयार
