कई बार घर में गंदे कपड़े इधर-उधर फेंके रहते हैं। इससे न सिर्फ कमरा अव्यवस्थित नजर आता है, बल्कि यह घर के लुक को भी खराब करता है। इसके साथ ही गंदे कपड़ों से आने वाली बदबू भी घर के माहौल को खराब कर देती है। बार-बार कपड़े समेटने में काफी परेशानी भी आती है। गंदे कपड़ों को व्यवस्थित रखने का सबसे सही तरीका है कि इन्हें लॉन्ड्री टोकरी में रखें। ज्यादातर लोग बाजार से टोकरी खरीदना पसंद करते हैं। लेकिन आप बिना पैसा खर्च किए घर पर ही सुंदर और टिकाऊं बास्केट बना सकते हैं। इस बास्केट में कपड़ा रखने से कमरा व्यवस्थित नजर आता है। आइए जानते हैं घर में रखी किन-किन चीजों से बास्केट बना सकते हैं।

प्लास्टिक बाल्टी से बनाएं लॉन्ड्री टोकरी

कई बार बाल्टी पुरानी हो जाने पर या हल्की टूट जाने पर इसे लोग फेंक देते हैं। लेकिन आप इस पुरानी बाल्टी की मदद से एक सुंदर लॉन्ड्री टोकरी बना सकते हैं।

टोकरी बनाने का तरीका

इसके लिए सबसे पहले बाल्टी को अच्छी तरह धोकर सुखा लें। अगर बाल्टी में ढक्कन नहीं है तो ऊपर का किनारा भी अच्छी तरह से साफ कर लें। इसके बाद बाल्टी के चारों तरफ छोटे-छोटे छेद कर दें ताकि अंदर हवा आती-जाती रहे और कपड़ों में बदबू न जमे। बाल्टी को थोड़ा आकर्षक बनाने के लिए रंगीन शीट, जूट रोप, कपड़े या स्टिकर से सजा लें। इसके साथ ही आप दोनों तरफ मजबूत रस्सी लगाकर हैंडल भी बना सकते हैं। इस तरह आप अपनी पुरानी बेकार पड़ी बाल्टी को लॉन्ड्री बास्केट में आसानी से बदल सकते हैं।

कार्डबोर्ड बॉक्स से बनाएं खूबसूरत टोकरी

ऑनलाइन मंगाए गए सामानों अक्सर कार्डोबर्ड बॉक्स में डालकर दिया जाता है। इन कार्डबोर्ड बॉक्स को अक्सर लोग बेकार समझकर फेंक देते हैं। लेकिन इनकी मदद से आप कई सारी चीजें बना सकते हैं, जिसमें से एक लॉन्ड्री बास्केट भी शामिल है।

कैसे बनाएं टोकरी

इसके लिए मजबूत और मोटा कार्डबोर्ड बॉक्स चुनें। इसके अंदर और बाहर मोटा चार्ट पेपर या फैब्रिक चिपका दें। इसके बाद ऊपर का किनारा टेप से मजबूत करें। अब दोनों तरफ हैंडल के लिए गोल कट लगा दें। चाहें तो अंदर प्लास्टिक शीट भी लगा सकते हैं, जिससे नमी से बॉक्स खराब नहीं होगा। ऐसे में आप बेकार पड़े कार्डबोर्ड की मदद से आसानी से कपड़ों के लिए टोकरी तैयार कर सकते हैं।

कपड़ों से बनाएं आकर्षक टोकरी

लगभग हर किसी के पास पुरानी जींस, बेडशीट या मोटे कपड़े होते हैं। जब ये उपयोग में नहीं रह जाते हैं, तो अक्सर लोग इसे फेंक देते हैं या स्टोर रूम में रख देते हैं। लेकिन जिन पुराने कपड़ों को आप बेकार समझ रहे हैं, उससे एक सुंदर गंदे कपड़ों के लिए टोकरी बना सकते हैं।

पुराने कपड़ों से टोकरी बनाने का तरीका

इसके लिए जींस, बेडशीट या मोटे कपड़े को आयताकार आकार में काट लें। इसके बाद सिलाई मशीन या हाथ से किनारों की सिलाई करें। नीचे का हिस्सा डबल कपड़े से मजबूत बनाएं। अब ऊपर की तरफ मजबूत हैंडल लगा दें। आप चाहें तो अंदर की तरफ प्लास्टिक लाइनिंग लगा सकते हैं, जिससे टोकरी ज्यादा मजबूत बनती है। इसके अलावा कार्डबोर्ड की मदद से ऊपर का ढक्कन भी तैयार कर सकते हैं। इस तरह आप अपने पुराने कपड़ों की मदद से एक मजबूत और टिकाऊ लॉन्ड्री बास्केट तैयार कर सकते हैं।

Also Read
गमलों को दें यूनिक लुक, टूटे हुए कांच के टुकड़ों से इस तरह करें सजावट