महिलाओं के पास कपड़ों के साथ-साथ चूड़ियों का भी एक बड़ा और रंग-बिरंगा कलेक्शन होता है, जिन्हें वे अपने साड़ी, सूट और अन्य आउटफिट्स के रंगों के अनुसार मैच करके पहनती हैं ताकि उनका लुक और भी आकर्षक व स्टाइलिश लगे। लेकिन अक्सर चूड़ियों की संख्या ज्यादा होने के कारण उन्हें रखने के लिए बनाए गए बॉक्स में जगह कम पड़ जाती है, जिससे वे अलमारी, ड्रेसिंग टेबल या दराजों में इधर-उधर बिखरी रहती हैं और व्यवस्थित तरीके से संभालना मुश्किल हो जाता है।
ऐसी में आप घर में मौजूद कुछ साधारण और बेकार पड़ी चीजों की मदद से आसानी से एक यूनिक और आकर्षक बैंगल बॉक्स तैयार कर सकती हैं, जिसे अपनी जरूरत के अनुसार अलग-अलग सेक्शन में डिजाइन करके चूड़ियों को सही तरीके से व्यवस्थित रख सकती हैं। इससे समय भी बचेगी और चूड़ियों को ढूंढना भी नहीं पड़ेगा।
कार्डबोर्ड से बनाएं बॉक्स
एक मजबूत कार्डबोर्ड बॉक्स लें, जैसे शू बॉक्स या पैकिंग बॉक्स। कार्डबोर्ड के छोटे-छोटे टुकड़े काटकर बॉक्स के अंदर खाने बना दें ताकि चूड़ियां अलग-अलग सेट में रखी जा सकें। बॉक्स को सुंदर बनाने के लिए अंदर और बाहर रंगीन पेपर, गिफ्ट रैप या कपड़ा चिपका सकते हैं। इसके साथ ही पुराने PVC पाइप को गोल आकार में काटकर उसे पेंट करके अंदर लगा सकते हैं, जिससे चूड़ियां आसानी से स्लाइड होकर व्यवस्थित रहें।
ऊपर से ढक्कन लगाएं या मैग्नेट/वेल्क्रो से बंद करने की सुविधा रखें ताकि धूल न जाए। हर सेक्शन पर रंग या टाइप के अनुसार लेबल लगा दें, जैसे लाल चूड़ियां, कांच की चूड़ियां आदि।
लकड़ी का छोटा क्रेट या बॉक्स
लकड़ी का बॉक्स थोड़ा मजबूत और लंबे समय तक चलने वाला होता है। इसके लिए हल्की मजबूत लकड़ लें, जैसे प्लाईवुड या पाइन वुड। अपनी चूड़ियों की संख्या और साइज के हिसाब से बॉक्स की लंबाई-चौड़ाई तय करें। आमतौर पर 12-18 इंच लंबा और 8-10 इंच चौड़ा बॉक्स ठीक रहता है।
लकड़ी के 5 टुकड़ें काटे (4 साइड और 1 बेस) और उन्हें कील या लकड़ी के गोंद से जोड़कर बॉक्स का ढांचा तैयार कर लें। अंदर लकड़ी या कार्डबोर्ड के पतले डिवाइडर लगाएं ताकि अलग-अलग सेक्शन बन जाएं। अंदर वेलवेट या कॉटन का सॉफ्ट कपड़ा लगा दें। अब ऊपर एक स्लाइडिंग वाला ढक्कन लगाएं ताकि बॉक्स बंद रहे और धूल न जाए। बॉक्स को आप पेंट, वॉलपेपर या डेकोरेटिव पेपर से आकर्षक बना सकते हैं।
बांस की टोकरी से बनाएं चूड़ियों का बॉक्स
अगर आपके पास बांस की टोकरी है तो इसे आप आसानी से चूड़ियों के स्टोरेज में बदल सकते हैं। इसके लिए एक मजबूत और गहरी बांस की टोकरी लें, अंदर सॉफ्ट कॉटन, वेलवेट या रंगीन कपड़ा लगा दें। इससे चूड़ियां सुरक्षित रहेंगी और स्क्रैच नहीं आएंगे। अब अंदर कार्डबोर्ड, प्लास्टिक शीट या पतली बांस की स्ट्रिप्स से छोटे-छोटे सेक्शन बना लें। इन्हें टोकरी के अंदर क्रॉस शेप या लाइन में फिट करें।
डिवाइडर को ग्लू या धागे से अच्छी तरह फिक्स करें ताकि वे हिलें नहीं और चूड़ियां व्यवस्थित रहें। टोकरी को आकर्षक बनाने के लिए आप बाहर से रंगीन रिबन, लेस या चूट की रस्सियां लगा सकते हैं और हल्का पेंट भी कर सकते हैं।
इस तरह आप बिना ज्यादा खर्च किए घर पर ही एक सुंदर और व्यवस्थित बैंगल बॉक्स तैयार कर सकती हैं, जिससे आपकी चूड़ियां हमेशा सुरक्षित रहेंगी और साथ ही समय पर आसानी से मिल भी जाएंगी।
Also Read
पुराने अखबार को कचरा समझकर फेंके नहीं, इन 7 कामों में फिर से करें इस्तेमाल
