दिनभर ऑफिस की भागदौड़, घर के काम और बाहर रहने के बाद जब घर आते हैं, तो सबसे पहले कुछ देर आराम करने का मन करता है। लेकिन इस दौरान सबसे बड़ी चिंता रात के खाने की होती है। खासकर तब जब शरीर पूरी तरह थक चुका हो। ऐसे में लंबे समय तक रसोई में खड़े होकर खाना बनाने का मन नहीं करता। इस मजबूरी में लोग कई बार बाहर से खाना मंगाकर खाते हैं या फिर थक हारकर बिना मन के ही रात का खाना तैयार करते हैं। अगर आप भी कई बार इस समस्या में उलझ जाते हैं तो अब ज्यादा टेंशन लेने की जरूरत नहीं है। क्योंकि तीन ऐसी रेसिपीज हैं, जिन्हें आप बेहद कम समय में झटपट तैयार कर सकते हैं।

1- पालक कॉर्न सैंडविच

पालक कॉर्न सैंडविच बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता। इसे आप रात के खाने के साथ ही सुबह नाश्ते में भी ट्राई कर सकते हैं। आयरन, फाइबर और प्रोटीन से भरपूर ये सैंडविच स्वादिष्ट होने के साथ ही पौष्टिक भी होता है।

सामग्री

आधा कप उबले हुए स्वीट कॉर्न
1 मीडियम बारीक कटा प्याज
2-3 चम्मच कद्दूकस किया हुआ पनीर
स्वादानुसार नमक
एक चुटकी काली मिर्च
आधा चम्मच चिली फ्लेक्स (वैकल्पिक)

कैसे बनाएं

एक बाउल में उबले हुए स्वीट कॉर्न, बारीक कटा प्याज, कद्दूकस किया हुआ पनीर, स्वादानुसार नमक, काली मिर्च और चाहें तो थोड़ा चिली फ्लेक्स भी डाल सकते हैं, इन सबको मिलाकर मिश्रण तैयार कर लें। इस मिश्रण को ब्रेड स्लाइस पर फैलाकर दूसरी स्लाइस से ढक दें। अब तवे पर थोड़ा घी या मक्खन लगाकर दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंक लें। इसे आप धनिया, पुदीने की चटनी या दही के साथ भी परोस सकते हैं।

2- वेजिटेबल ओट्स चीला

अगर आप रात के खाने में कुछ स्वादिष्ट खाने के साथ ही हेल्दी विकल्प की तलाश में हैं तो वेजिटेबल ओट्स चीला ट्राई कर सकते हैं।

सामग्री

1 कप ओट्स का पाउडर
आधा कप दही
बारीक कटी प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च
1-2 हरी मिर्च
1-2 चम्मच हरा धनिया
नमक, लाल मिर्च और जीरा

बनाने का तरीका

ओट्स पाउडर में दही और थोड़ा पानी मिलाकर घोल तैयार कर लें। अब इसमें सारी सब्जियों और मसाले डालकर अच्छे से मिश्रण तैयार कर लें। तवे पर हल्का तेल या घी लगाकर मिश्रण को चम्मच की मदद से फैला दें। इसे दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें। इस चीले को आप हरी चटनी या दही के साथ परोस सकते हैं।

3- पनीर भुर्जी

रात के खाने में आलस आए तो उस दौरान सबसे कम समय में बनने वाले व्यंजनों में से एक पनीर भुर्जी है। प्रोटीन से भरपूर यह डिनर 10-15 मिनट में तैयार किया जा सकता है।

सामग्री

200 ग्राम पनीर
1 प्याज बारीक कटा हुआ
1 टमाटर बारीक कटा
1 शिमला मिर्च (वैकल्पिक)
1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
1-2 लहसुन की कली
1 हरी मिर्च
आधा चम्मच हल्दी
आधा चम्मच धनिया पाउडर
आधा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
स्वादानुसार नमक
2-3 चम्मच हरा धनिया

बनाने का तरीका

एक पैन में तेल गर्म कर उसमें प्याज, अदरक-लहसुन और हरी मिर्च भून लें। टमाटर और मसाले डालकर अच्छी तरह पका लें। अब कद्दूकस किया हुआ पनीर मिलाकर 3-4 मिनट चलाएं। ऊपर से हरा धनिया डालें और पनीर भुर्जी को रोटी, पराठे या ब्रेड के साथ परोस सकते हैं। ऐसे में आप इन तीन रेसिपीज की मदद से बेहद कम समय में डिनर तैयार कर सकते हैं, जो स्वादिष्ट होने के साथ ही हेल्दी भी होगा।

Also Read
घर पर क्यों नहीं बनता रेस्टोरेंट जैसा क्रिस्पी मसाला डोसा, इस तरह तैयार करें बैटर