महाशिवरात्रि का त्योहार आज पूरे देश में धूमधाम से मनाया जा रहा है। यह त्योहार भगवान शिव की आराधना के लिए बेहद खास माना जाता है। इस दिन श्रद्धालु पूरे विधि-विधान से पूजा करते हैं और कई लोग उपवास भी रखते हैं।

उपवास के दौरान कई लोग कुछ भी नहीं खाते हैं, जिससे बॉडी में एनर्जी की कमी हो जाती है। ऐसे में व्रत के दौरान खानपान का विशेष ध्यान रखना जरूरी होता है। अगर आप भी इस पावन अवसर पर फलाहारी के साथ-साथ स्वाद से भरपूर व्यंजन चाहते हैं, तो ये 5 हेल्दी डिश आपके लिए परफेक्ट हो सकती हैं।

साबूदाना खिचड़ी

व्रत में सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली डिश साबूदाना खिचड़ी है। इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है। इसे भिगोए हुए साबूदाने को मूंगफली, उबले आलू, हरी मिर्च और सेंधा नमक के साथ पकाकर तैयार किया जाता है। यह हल्की होने के साथ-साथ पेट भरने वाली भी होती है।

कुट्टू के आटे का चीला

अगर आप व्रत में भी कुछ नमकीन और हेल्दी खाना चाहते हैं, तो कुट्टू के आटे का चीला ट्राई कर सकते हैं। आप इसमें उबले आलू मिलाकर इसे तवे पर कम घी में तैयार कर सकते हैं। कुट्टू के आटे का चीला आप दही के साथ सेवन कर सकते हैं।

फलाहारी आलू टिक्की

व्रत के दौरान आप फलाहारी आलू टिक्की ट्राई कर सकते हैं। दरअसल, यह स्वाद और सेहत का बेहतरीन मेल है। उबले आलू में मूंगफली, हरी मिर्च और सेंधा नमक मिलाकर इसे तैयार किया जाता है।

शकरकंदी

महाशिवरात्रि व्रत के दौरान आप शकरकंदी की चाट भी आसानी से तैयार कर सकते हैं। व्रत में खाने के लिए यह बेहतर ऑप्शन है। आप इसे उबालकर, भूनकर या चाट बनाकर खा सकते हैं। इसके सेवन से पेट लंबे समय तक भरा रहता है।

मखाने की खीर

उपवास में आप मखाने की खीर भी ट्राई कर सकते हैं। यह खीर स्वाद और पोषण से भरपूर होती है। इसे घी में हल्का भूनकर दूध के साथ तैयार किया जाता है। इसके सेवन से पेट भरता है और बॉडी में लंबे समय तक एनर्जी मिलती है।