Misal Pav Recipe: भारत के कई राज्यों में मिलने वाली डिश का स्वाद और बनाने का तरीका अलग-अलग होता है। हर राज्य में कोई न कोई फेमस डिश, मिठाई या स्ट्रीट फूड आपको आसानी से मिल जाएगा जो देशभर में अलग पहचान रखता है। गुजरात का ढोकला हो या बिहार का लिट्टी चोखा, खाने की पहचान और स्वाद उस खास जगह से जुड़ जाती है। इन्हीं में महाराष्ट्र का मिसल पाव भी शामिल है जो एक फेमस स्ट्रीट फूड माना जाता है।
तीखा और चटपटे स्वाद से भरपूर मिसल पाव को नाश्ते से लेकर शाम की हल्की भूख में खाया जा सकता है। अगर आप महाराष्ट्र नहीं जा पा रहे हैं तो कोई बात नहीं, इसका स्वाद आप घर पर भी चख सकते हैं। आइए, जानते हैं घर पर महाराष्ट्रीयन स्टाइल मिसल पाव कैसे बनाया जा सकता है।
मिसल पाव के लिए सामग्री
अंकुरित मटकी (मौठ)- 2 कप
प्याज- 2 बारीक कटी हुई
टमाटर- 2 बारीक कटे हुए
अदरक-लहसुन का पेस्ट- 1 चम्मच
हरी मिर्च- 2 बारीक कटी हुई
हल्दी पाउडर- 1 छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर- 1 चम्मच
धनिया पाउडर- 1 चम्मच
गरम मसाला- 1/2 चम्मच
राई- 1/2 चम्मच
जीरा- 1/2 चम्मच
करी पत्ता- 8-9
तेल- 2 चम्मच
नमक-स्वादानुसार
पानी- जरूरत के अनुसार
टॉपिंग के लिए सामग्री
बारीक कटी प्याज
हरा धनिया
नींबू कटा हुआ
फरसान या सेव
पाव- 5-6
बनाने का तरीका
महाराष्ट्रीय स्टाइल मिसल पाव बनाने के लिए सबसे पहले अंकुरित मौठ को अच्छे से धोकर कुकर में नमक और पानी के साथ 2-3 सीटी आने तक उबाल लें। अब एक कड़ाही में तेल गरम करें और उसमें राई, जीरा और करी पत्ता डालें। इसके बाद बारीक कटी प्याज डालकर सुनहरा होने तक भूनें। इसके बाद अहरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर कुछ देर पकाएं। अब टमाटर डालें और नरम होने तक भून लें।
अब हल्दी, मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला और नमक डालकर मसालों को अच्छे से भूनें। जब मसाले तेल छोड़ने लगें तो उबली हुई मटकी डालकर मिला दें। इसमें जरूरत के हिसाब से पानी मिलाएं और करीब 15 मिनट धीमी आंच पर पकने दें। मिसल तैयार हो जाए तो इसे एक बाउल में निकाल लें। ऊपर से कटी प्याज, हरा धनिया और सेव डालें।
अब इसमें ऊपर से नींबू का रस निचोड़ें और पाव में मक्खन लगाकर हल्का-हल्का सेंक लें और गरमा-गरम सर्व करें। शाम के समय बच्चों से लेकर बड़ों तक की भूख दूर करने की ये बेहतरीन और स्वादिष्ट डिश हो साबित हो सकती है।
