Monsoon Trekking Place: मानसून के समय महाराष्ट्र की खूबसूरती अलग ही नजर आती है जहां के हरे-भरे पहाड़, झरने और बादलों से ढकी घाटियां पर्यटकों को खूब पसंद आती है। ऐसे में घूमने और एडवेंचर एक्टिविटीज करने के लिए यहां कई जगह मौजूद हैं। अगर आप इस दौरान ट्रेकिंग का लुत्फ उठाना चाहते हैं तो राजमाची एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। बारिश की वजह से यहां की खूबसूरती दोगुनी हो जाती है और ऐसे में ट्रेकिंग करना मजेदार और यादगार बन जाता है।
राजमाची ट्रेक बहुत ही खूबसूरत है, जहां रोमांच के साथ-साथ प्रकृति को करीब से महसूस किया जा सकता है। मानसून के दौरान ट्रेकिंग करने की बेहतरीन जगहों में राजमाची शामिल है। यहां मौजूद घने जंगल, फिसलते रास्ते, झरने और ठंड हवाएं पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। इस समय चारों तरफ हरियाली भरा वातावरण देखने को मिलता है।
राजमाची ट्रेक श्रीवर्धन किला और मनारंजन किला के लिए प्रसिद्ध है। बारिश में हरियाली, झरने और धुंध से ढके पहाड़ों को नजारा देखना है तो यहां जाने का प्लान कर सकते हैं। यहां का नजारा किसी फिल्मी सीन से कम नहीं लगता है।
ट्रेकिंग रूट
राजमाची ट्रेक के लिए दो रास्ते हैं पहला लोनावला और दूसरा कर्जत। अगर आप पहली बार ट्रेकिंग कर रहे हैं तो लोनावला वाला रास्ता बेहतर ऑप्शन हो सकता है जो कर्जत की तुलना में आसान है। लेकिन अगर आप एडवेंचर के शौकीन हैं तो कर्जत रूट शानदार अनुभव दे सकता है। मानसून के समय दोनों ही रास्ते बहुत खूबसूरत हो जाते हैं लेकिन बारिश की वजह से फिसलन भी बढ़ जाती है, ऐसे में सावधानी के साथ ट्रेकिंग करें।
राजमाची पहुंचने का तरीका
महाराष्ट्र के राजमाची ट्रेक पहुंचने के लिए आपको सबसे पहले मुंबई या पुणे आना होगा। जहां से ट्रेन या बस की मदद से लोनावला या कर्जत पहुंच सकते हैं। इसके बाद लोकल ट्रांसपोर्ट या पैदल ट्रेकिंग की मदद से राजमाची गांव पहुंच सकते हैं। यहां पर आप लोकल गाइड की मदद भी ले सकते हैं।
ट्रेकिंग के समय रखें इन बातों का ध्यान
अगर आप मानसून में ट्रेकिंग करने जा रहे हैं तो कुछ बातों का ख्याल रखना चाहिए। फिसलन से बचने के लिए अच्छे ग्रिप वाले वाटरप्रूफ जूते पहनें। साथ ही रेनकोट, वाटरप्रूफ बैग और जरूरी दवाइयां साथ रखें। ट्रेकिंग के समय भारी सामान ले जाने से बचें जिससे सफर आरामदायक रहेगा। इसके अलावा मौसम की जानकारी पहले से रखना जरूरी है जो आपको परेशानी से बचा सकता है।
एडवेंचर और प्रकृति दोनों का आनंद लेना चाहते हैं तो राजमाची एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है। सही जानकारी और सावधानी के साथ आप अपने ट्रेकिंग एक्सपीरियंस को मजेदार और यादगार बना सकते हैं।
