सब्जी बनाने से लेकर पूरी तलने तक कड़ाही का हर रोज कुछ न कुछ बनाने में इस्तेमाल किया जाता है। कोई एल्युमिनियम की कड़ाही को यूज करते हैं तो कोई लोहे की कड़ाही में खाना पकाता है। तेज गैस पर खाना पकाने और ज्यादा इस्तेमाल की वजह से कड़ाही कई बार जल जाती है या फिर उसके ऊपर काली परत चढ़ जाती है। जली या काली कड़ाही को साफ करने के लिए आपको सही तरीके की जानकारी होनी चाहिए ताकि आपका काम आसानी से हो पाए। बिना घिसे भी आप कड़ाही को चमका सकते हैं उसके लिए जानें ये असरदार तरीके।

पुरानी काली लोहे की कड़ाही साफ करने के तरीके

लोहे की कड़ाही में खाना न केवल स्वादिष्ट बनता है बल्कि इसे पौष्टिक भी बताया जाता है। इसके ऊपर तेल, मसाले और धुएं की वजह से काली परत जम जाती है। इसे साफ करने के लिए बहुत ज्यादा कड़ाही को घिसने की बजाय आप यहां बताए तरीके अपना सकती हैं।

नमक और नींबू

यह बेहद पुराना लेकिन आजमाया हुआ तरीका है। सबसे पहले कड़ाही को हल्का गर्म करें। फिर 2-3 बड़े चम्मच मोटा नमक डालें। इसके बाद आधे नींबू से कड़ाही को रगड़ें। फिर 10 मिनट बाद पानी से धो लें। नमक स्क्रब की तरह काम करता है और नींबू जमी चिकनाई को हटाने का काम करता है।

बेकिंग सोडा और गर्म पानी

इस तरीके से भी आप लोहे की कड़ाही को चमका सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले कड़ाही में पानी भरकर उबाल लें। फिर 2 चम्मच बेकिंग सोडा डालें। इसके बाद 15 मिनट तक उबलने दें। फिर ठंडा होने पर स्क्रबर से साफ करें। यह तरीका इसलिए कारगर है क्योंकि इससे जमी हुई कालिख और तेल की परत नरम हो जाती है। ऐसे में इसे हटाने में मदद मिलती है।

एल्युमिनियम की कड़ाही साफ करने के तरीके

एल्युमिनियम की कड़ाही को अगर आप स्टील वायर या स्क्रबर से रगड़-रगड़ कर साफ करने की कोशिश करते हैं तो यहां बताए तरीके आपके काम आ सकते हैं।

बेकिंग सोडा पेस्ट

सबसे पहले बेकिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बनाएं। फिर काली जगहों पर लगाकर 20 मिनट छोड़ दें। इसके बाद स्पंज से रगड़कर साफ कर लें। यह सतह को नुकसान पहुंचाए बिना दाग हटाने में मदद करता है।

नींबू और गर्म पानी

इससे भी आप कड़ाही को साफ कर सकते हैं। इसके लिए कड़ाही में पानी भरें। फिर 1 नींबू निचोड़कर उसके छिलके भी डाल दें। इसके बाद 10 मिनट तक उबालें। फिर पानी फेंककर स्पंज से साफ करें। इससे आपको जमी चिकनाई को हटाने में मदद मिलेगी।