अधिक तापमान में पाचन तंत्र धीमा हो जाता है, जिसके चलते गर्मियों के मौसम में हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन करने की सलाह दी जाती है। भारी या तले-भुने भोजन को पचाने में शरीर को ज्यादा ऊर्जा लगानी पड़ती है, जिससे सुस्ती, पेट फूलना और पानी की कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। हल्का खाना पेट को ठंडक देता है और ऊर्जा का स्तर बनाए रखता है। खासतौर से रात का भोजन ऐसा होना चाहिए जो हल्का होने के साथ ही पोषक तत्वों से भरपूर हो, ताकि नींद भी अच्छी आए और पाचन पर ज्यादा दबाव न पड़े।

ऐसे में अगर आप भी रात के लिए हेल्दी, हल्का और स्वादिष्ट भोजन बनाना चाहते हैं, तो पालक और टमाटर के साथ हर्ब वाली दाल का सेवन कर सकते हैं। इसमें प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और मिनरल्स भरपूर मात्रा में होते हैं, जो शरीर को पोषण देने के साथ-साथ पचने में भी आसान होते हैं। इसमें डाली गई हर्ब इसका स्वाद बढ़ाने के साथ ही इसे और भी हेल्दी बना देती हैं। आइए जानते हैं घर पर पालक और टमाटर के साथ हर्ब वाली दाल कैसे बनाएं।

पालक और टमाटर वाली हर्ब दाल के लिए सामग्री

1 कप मसूर दाल (या कोई भी दाल)
2 कप ताजा पालक (कटा हुआ)
2 मध्यम टमाटर (कटे हुए)
1 छोटा प्याज (बारीक कटा)
2-3 लहसुन की कलियां (कटी हुई)
1 छोटा चम्मच जीरा
आधा छोटा चम्मच हल्दी
1 छोटा चम्मच सूखी हर्ब्स (जैसे ऑरिगैने/मिक्स हर्ब्स)
1-2 चम्मच नींबू का रस
2 चम्मच तेल या घी
नमक स्वादानुसार
पानी जरूरत के अनुसार

पालक और टमटार वाली हर्ब दाल बनाने की आसान विधि

सबसे पहले दाल को अच्छी तरह धोकर कुकर में डाल दें। इसमें हल्दी, नमक और पानी डालकर 2-3 सीटी आने तक पका लें।

एक कढ़ाई में तेल या घी गर्म करें और उसमें जीरा डाल दें। जब जीरा चटकने लगे तो कटा हुआ प्याज और लहसुन डालकर हल्का सुनहरा होने तक भून लें।

अब इसमें कटे हुए टमाटर डालें और नरम होने तक पकाएं, ताकि मसाला अच्छी तरह तैयार हो जाए।

अब कटा हुआ पाल डालें और 2-3 मिनट तक पकाएं, जब तक पालक सॉफ्ट न हो जाए।

अब पकी हुई दाल कढ़ाई में डालें और अच्छे से मिलाएं। जरूरत के अनुसार पानी डालकर अच्छे से मिला लें।

अंत में मिक्स हर्ब्स और नींबू का रस डालकर 1-2 मिनट तक पका लें। इसके बाद ऊपर से हरा धनिया डालकर गरमागरम दाल को रोटी, चावल या फिर ऐसे ही सर्व कर सकते हैं।

Also Read
जल्दी और सबसे आसान नाश्ता, रात की बची हुई सब्जी से इस तरह बनाएं बुद्धा बाउल