Nimbu wali chai: सुबह की शुरुआत कई लोग चाय की चुस्की के साथ करते हैं। अगर आप स्वस्थ्य रहना चाहते हैं तो चाय के हेल्दी ऑप्शन डेली रूटीन में शामिल कर सकते हैं। सुबह की दिनचर्या में अगर आप नींबू वाली चाय यानी लेमन टी शामिल करते हैं तो इससे आपके दिन शुरुआत सेहतमंद और ताजगी से भरपूर होगी। इससे न केवल आपके शरीर को एंटीऑक्सीडेंट गुण मिलेंगे बल्कि शरीर को डिटॉक्सिफाई करने में मदद मिलेगी। अगर आप किसी स्वास्थ्य समस्या से परेशान हैं तो डॉक्टर की सलाह पर ही आपको अपनी डाइट में परिवर्तन करना चाहिए। आइए जानें इसे बनाने का तरीका और सेवन करने के फायदे।
लेमन टी पीने के फायदे
नींबू की चाय पीने से मेटाबॉलिज्म तेजी से काम करता है। इससे वजन घटाने में मदद मिलती है। इतना ही नहीं बार-बार खाने की क्रेविंग भी कंट्रोल होती है। नींबू भोजन को पचाने और पोषक तत्वों को बेहतर तरीके से अवशोषित करने में मदद करता है। इससे पेट फूलने की समस्या कम होती है। साथ ही पाचन तंत्र दिनभर अच्छे से काम करता है। शरीर को हाइड्रेट करने और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में मदद मिलती है। विटामिन सी से भरपूर नींबू की चाय शरीर को संक्रमण से लड़ने में मदद करती है। शरीर के विषाक्त पदार्थ को बाहर निकालने का काम भी यह चाय करती है। विटामिन सी और भरपूर एंटीऑक्सीडेंट चमकदार और जवां त्वचा को बढ़ावा देते हैं।
लेमन टी बनाने की विधि

3 कप चाय इन चीजों की पड़ेगी जरूरत
3.5 कप पानी
5 चम्मच चीनी
2 चम्मच नींबू का रस
1/4 चम्मच काला नमक
1/4 चम्मच चायपत्ती
बनाने का तरीका
लेमन टी बनाने के लिए सबसे पहले साढ़े 3 कप पानी को चाय के बर्तन में डाल दें । इसके बाद गैस ऑन करके आपको पानी गरम करना है। अब पानी में उबाल आने पर चीनी डाल दें। आप चीनी की जगह शहद का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। इसे चाय बनने के बाद अंत में मिलाना होता है। अगर आप चीनी यूज कर रहे हैं तो जब यह घुल जाए तब चायपत्ती डालें । एक उबाल आने पर गैस बंद कर दें । चाय को छान लें और नमक और नींबू का रस डालकर अच्छी तरह से मिलाएं। तैयार चाय को कप में डाल कर सर्व करें ।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। यह जानकारी पेशेवर चिकित्सा सलाह का विकल्प नहीं है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए एक्सपर्ट से जरूर परामर्श करें।
