मॉडर्न घरों को आकर्षक बनाने के लिए टाइल्स का कई जगहों पर इस्तेमाल किया जाता है। फ्लोर, बाथरूम से लेकर किचन और बालकनी तक में लोग खूबसूरत डिजाइन वाले टाइल्स लगवाते हैं। जब घर बन कर तैयार हो जाता है तो कुछ टाइल्स के टुकड़े बच जाते हैं, जिसे अक्सर लोग बेकार समझकर कूड़े में फेंक देते हैं या फिर किसी कोने में रख देते हैं। लेकिन बची हुई इन टाइल्स का इस्तेमाल आप अपने घर को सजाने के लिए फिर से कर सकते हैं।
टाइल्स की मदद से आप कई सारे डेकोरेशन की चीजें बना सकते हैं। घर के अंदर से लेकर बालकनी तक में आप क्रिएटिव तरीके से इनका इस्तेमाल कर सकते हैं। आइए जानते हैं बची हुई टाइल्स का इस्तेमाल किन-किन तरीकों से कर सकते हैं।
1- मोजेक वॉल आर्ट
बची हुई टाइल्स के छोटे-छोटे टुकड़ों को फेंकने के बजाए आप एक सुंदर सा मोजेक ऑर्ट तैयार कर सकते हैं, जो आपके पूरे घर के लुक को बदल सकता है। इसके लिए किसी लकड़ी के बोर्ड या कैनवास के छोटे हिस्से पर अलग-अलग रंगों की टाइल्स को डिजाइन के अनुसार चिपका दें। ज्यामितीय, पत्तियां, फूल या अपनी पसंद के किसी पैटर्न को चुन सकते हैं। इसे आप घर के ड्राइंग रूम, बालकनी या फिर एंट्री एरिया में लगा सकते हैं, जिससे वहां की खूबसूरती और भी बढ़ जाती है और ये दिखने में काफी आकर्षक लगता है।
2- किचन को बनाएं आकर्षक
बची हुई टाइल्स का इस्तेमाल आप अपनी किचन को खूबसूरत बनाने में भी कर सकते हैं। सिंक या गैस स्टोव के पीछे छोटे हिस्से में अलग-अलग टाइल्स लगाकर आप एक आकर्षक बैकस्प्लैश तैयार कर सकते हैं। इससे किचन को एक प्रीमियम लुक मिलता है और दीवारें को साफ रखना भी आसान हो जाता है।
3- स्टाइलिश कोस्टर
चाय, कॉफी या पानी के गिलास रखने के लिए कोस्टर का इस्तेमाल किया जाता है, अधिकतर लोग इसे बाजार के खरीदना पसंद करते हैं। लेकिन आप बची हुई टाइल्स की मदद से भी स्टाइलिश कोस्टर तैयार कर सकते हैं। आप इसे गोल, चौकोर या अपनी पसंद का कोई सा भी लुक दे सकते हैं। टाइल्स कटर की मदद से इसे काट लें और किनारों को थोड़ा स्मूद कर दें। साथ ही टाइल्स के नीचे रबर लगा दें ताकि टेबल पर खरोंच न आए। इसे आप डाइनिंग टेबल या सेंटर टेबल पर रख सकते हैं।
4- गार्डन में करें इस्तेमाल
घर बनवाते समय अगर टाइल्स के ज्यादा टुकड़े बच गए हैं, तो आप उनका इस्तेमाल अपने गार्डन या फिर आंगन तक जाने वाले रास्ते को आकर्षक लुक देने के लिए कर सकते हैं। टाइल्स को मिट्टी या सीमेंट में सेट करके रंगीन और सुंदर रास्ते बनवा सकते हैं। इससे आपके गार्डन और आंगन को एक नया और आकर्षक लुक मिलता है।
5- बनवाएं डिजाइनर हाउस नंबर और नेमप्लेट
अधिकतर लोग अपने घर के बाहर एक से बढ़कर एक डिजाइन वाले नेमप्लेट और हाउस नंबर बोर्ड लगवाते हैं, जिसके लिए काफी पैसे भी खर्च करने पड़ते हैं। लेकिन आप बची हुई टाइल्स की मदद से आकर्षक नेमप्लेट और हाउस नंबर बोर्ड तैयार करवा सकते हैं। इससे पैसे की बचत होने के साथ ही घर के बाहरी दीवार को भी एक आकर्षक लुक मिलता है।
6- टाइल्स से बनवाएं सुंदर टेबल
बची हुई टाइल्स की मदद से आप एक सुंदर और मॉडर्न टेबल भी बना सकते हैं। इसके लिए किसी लकड़ी के बोर्ड में अलग-अलग डिजाइन वाली टाइल्स चिपका दें और ऊपर से एक ग्लास रख दें। इसके नीचे छोटे-छोटे स्टैंड लगा दें। ऐसे में बची हुई टाइल्स की मदद से आप एक छोटा सा सुंदर टेबल बनवा सकते हैं, जिसका इस्तेमाल बेड के साइड या शाम के वक्त कॉफी पीने के दौरान किया जा सकता है। साथ ही इसे आप अपनी बालकनी में रखकर उसके ऊपर एक छोटा सा पौधा भी रख सकते हैं।
7- ट्रे को बनाएं और भी स्टाइलिश
बेकार पड़ी टाइल्स का इस्तेमाल आप ट्रे को स्टाइलिश बनाने में भी कर सकते हैं। इसके लिए लकड़ी की साधारण सर्विंग ट्रे के बेस में सुंदर पैटर्न वाली टाइल्स लगा दें। चाय, कॉफी या स्नैक्स सर्व करने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली ये ट्रे किसी महंगे डेकोरेटिव आइटम से कम नहीं लगेगी।
Also Read
घर के आंगन को दें स्टाइलिश और खूबसूरत लुक, यहां से लें शानदार डेकोरेशन आइडिया
