अक्सर रात के खाने के बाद 2-4 रोटियां बच जाती हैं और अगले दिन समझ नहीं आता कि इनका क्या किया जाए। कुछ लोग इन्हें दोबारा गर्म खा लेते हैं। वहीं बहुत से लोग इन्हें जानवर को डाल देते हैं या फिर फेंक देते हैं।
लेकिन थोड़ी सी मेहनत से इन्हीं बची हुई रोटियों से कुछ ऐसी चीजें बनाई जा सकती हैं, जिनका स्वाद बिल्कुल अलग होगा। मीठे लड्डू और चूरमा से लेकर चटपटे पोहा और कटलेट तक आप बना सकते हैं। ऐसे में अगली बार रोटी बच जाए तो ये 7 तरीके आजमा सकते हैं।
रोटी के लड्डू
इसे बनाने के लिए आपको 3-4 बची हुई रोटियां, 2 चम्मच घी, 3-4 चम्मच पिसी चीनी या गुड़, 2 चम्मच भुनी मूंगफली और थोड़ी इलायची चाहिए होगी। सबसे पहले रोटियों को छोटे टुकड़ों में तोड़कर तवे पर हल्का कुरकुरा होने तक सेंक लें। फिर जब यह ठंडी हो जाएं तो मिक्सर में बारीक पीस लें। इसके बाद इसमें पिसी मूंगफली, इलायची, चीनी या गुड़ और घी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। फिर मिश्रण को हाथ में लेकर दबाएं और छोटे-छोटे लड्डू बना लें। अगर मिश्रण बहुत सूखा लगे तो थोड़ा और घी डाल सकते हैं।
रोटी का चूरमा
इसे तैयार करने के लिए 3 रोटियां, 2 चम्मच घी, 2-3 चम्मच गुड़ या चीनी, इलायची और कटे हुए मेवे चाहिए। रोटी का चूरमा बनाने के लिए सबसे पहले रोटियों को छोटे टुकड़ों में तोड़कर घी में धीमी आंच पर कुरकुरा सेंक लें। इन्हें ठंडा करके हाथ या मिक्सर से दरदरा पीस लें। अब इसमें गुड़ या चीनी, इलायची और कटे हुए बादाम-काजू मिलाएं। ऊपर से थोड़ा घी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। चाहें तो इसमें भुनी मूंगफली भी डाल सकते हैं।
रोटी कटलेट
जी हां आप बची हुई बासी रोटियों से कटलेट भी बना सकते हैं। इसे बनाने के लिए आपको जरूरत होगी 3 रोटियों, 2 उबले आलू, 1 छोटी प्याज, हरी मिर्च, धनिया, नमक, लाल मिर्च और थोड़े गरम मसाले की। इसे बनाने के लिए रोटियों को पानी में हल्का भिगोकर तुरंत निकालें और अच्छी तरह निचोड़ लें। इन्हें मैश करके उबले आलू में मिलाएं। इसमें बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, धनिया और मसाले डालकर मिश्रण तैयार करें। अब इससे छोटी टिक्की बनाएं। तवे पर थोड़ा तेल लगाकर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेंक लें। इसे चटनी के साथ परोसें।
रोटी पोहा
बासी रोटी से आप पोहा भी बना सकती हैं। इसे बनाने के लिए 2-3 रोटियां, 1 प्याज, थोड़ी मूंगफली, राई, करी पत्ता, हरी मिर्च, हल्दी, नमक और नींबू चाहिए। सबसे पहले रोटियों को छोटे-छोटे टुकड़ों में तोड़ लें। पैन में थोड़ा तेल गर्म करके राई, करी पत्ता, हरी मिर्च और मूंगफली डालें। इसके बाद प्याज डालकर हल्का भूनें। अब हल्दी और रोटी के टुकड़े डालकर अच्छी तरह मिलाएं। थोड़ा नमक डालकर 2-3 मिनट पकाएं। गैस बंद करने के बाद ऊपर से नींबू का रस और हरा धनिया डालें।
रोटी नूडल्स
अगर रोटी बच गए हैं और समझ नहीं आ रहा है क्या बनाएं तो आप नाश्ते में बासी रोटी से नूडल्स बना सकती हैं। इसके लिए 3 रोटियां, 1 प्याज, शिमला मिर्च, गाजर, थोड़ा लहसुन, 1-2 चम्मच सोया सॉस, नमक और काली मिर्च चाहिए। सबसे पहले रोटियों को एक के ऊपर एक रखकर पतली स्ट्रिप्स में काट लें। पैन में थोड़ा तेल गर्म करके लहसुन, प्याज, गाजर और शिमला मिर्च को तेज आंच पर भूनें। अब सोया सॉस, थोड़ा नमक और काली मिर्च डालें। आखिर में रोटी की स्ट्रिप्स डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं और 2-3 मिनट पकाएं। ध्यान रखें कि रोटी ज्यादा न गलने पाए।
रोटी पिज्जा
इसके लिए 1 रोटी, 1-2 चम्मच पिज्जा सॉस, बारीक कटी शिमला मिर्च, प्याज, टमाटर, चीज और थोड़ा ओरिगैनो/चिली फ्लेक्स चाहिए। रेसिपी की बात करें तो सबसे पहले रोटी को तवे पर रखें और उसके ऊपर पिज्जा सॉस की पतली परत लगाएं। अब प्याज, शिमला मिर्च और टमाटर डालकर ऊपर से चीज फैला दें। थोड़ा ओरिगैनो या चिली फ्लेक्स डालें। तवे को ढककर धीमी आंच पर तब तक पकाएं, जब तक चीज अच्छी तरह पिघल न जाए और नीचे की रोटी हल्की कुरकुरी न हो जाए।
रोटी चिवड़ा
बासी रोटी से चिवड़ा बनाने के लिए आपको 3-4 रोटियां, 2 चम्मच मूंगफली, 1 प्याज, करी पत्ता, हरी मिर्च, राई, हल्दी और नमक की जरूरत होगी। सबसे पहले रोटियों को छोटे टुकड़ों में काटकर तवे या पैन में हल्का कुरकुरा कर लें। दूसरे पैन में थोड़ा तेल गर्म करके राई, करी पत्ता, हरी मिर्च और मूंगफली डालें। प्याज डालकर हल्का भूनें। अब हल्दी, नमक और कुरकुरी रोटी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। 2 मिनट पकाने के बाद गैस बंद करें और ऊपर से थोड़ा नींबू का रस डालें।
