बचे हुए चावल का आप क्या करते हैं? ज्यादातर लोग इसका इस्तेमाल अगले दिन फ्राइड राइस बनाने में करते हैं। अगर आप इस तरह से बचे हुए चावलों को खाते-खाते बोर हो चुके हैं, तो इस बार कुछ मीठा ट्राई कर सकते हैं। जी हां, बचे हुए चावल से आप घर पर कई तरह के स्वादिष्ट डेजर्ट तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं 5 ऐसी आसान रेसिपी के बारे में।

बचे हुए चावल से बनाएं फिरनी

चावल पहले से पके हुए हैं, इसलिए फिरनी जल्दी तैयार हो सकती हैं। आइए जानें इसके लिए जरूरी चीजें और बनाने का तरीका।

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

बचे हुए चावल
फुल क्रीम दूध
चीनी
इलायची पाउडर
केसर (वैकल्पिक)
कटे हुए बादाम-पिस्ता

सबसे पहले चावल और दूध को ब्लेंड कर लें। फिर बाकी दूध उबालें। इसके बाद ब्लेंड किया मिश्रण डालकर गाढ़ा होने तक पकाएं। अब आपको इसमें चीनी, इलायची और ड्राई फ्रूट्स मिला देने हैं। फिर ठंडा करके सर्व करें।

मैंगो राइस कुल्फी

इन दिनों बाजार में आम खूब मिल रहे हैं। पके हुए चावल में आम मिलाकर आप कुल्फी बना सकते हैं।

बनाने के लिए चाहिए ये चीजें

1 कप बचे हुए चावल
2 कप दूध
½ कप आम का गूदा
चीनी (स्वादानुसार)
¼ छोटा चम्मच इलायची पाउडर

सबसे पहले चावल और दूध को मिक्सर में हल्का पीस लें। अब इस मिश्रण को 5 मिनट तक हल्का गाढ़ा होने तक पकाएं। इसमें चीनी और इलायची पाउडर मिलाकर ठंडा होने दें। इसके बाद आम का गूदा डालकर अच्छी तरह मिक्स करें। तैयार मिश्रण को कुल्फी मोल्ड में भरें और 6–8 घंटे के लिए फ्रीजर में रख दें। कुल्फी जमने के बाद निकालकर ठंडी-ठंडी सर्व करें।

चॉकलेट राइस पुडिंग

यह रेसिपी बच्चों को पसंद सकती है। यह बनाने में बेहद आसान और स्वादिष्ट डेजर्ट है।

नोट करें जरूरी चीजें मुख्य सामग्री

दूध
पके हुए चावल
कोको पाउडर
डार्क चॉकलेट
चीनी
वनीला एसेंस

इसे बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में दूध गर्म करें। अब इसमें बचे हुए चावल डालकर 4-5 मिनट तक पकाएं। इसके बाद कोको पाउडर, स्वादानुसार चीनी और बारीक कटी हुई डार्क चॉकलेट डालकर अच्छी तरह मिला लें। जब मिश्रण थोड़ा गाढ़ा हो जाए तब गैस बंद कर दें। अब इसे सर्विंग बाउल में निकालें। इसके बाद ऊपर से चॉको चिप्स या कटे हुए बादाम-पिस्ता से गार्निश करें। आप इसे हल्का गर्म या फ्रिज में ठंडा करके भी सर्व कर सकते हैं। ऊपर से चॉकलेट शेविंग्स या चॉको चिप्स डाल सकते हैं।

नारियल राइस लड्डू

यह बिना ज्यादा मेहनत के बनने वाला स्वीट स्नैक है। आपने लड्डू को अब तक कई तरह के खाए होंगे, लेकिन आपको एक बार यह नारियल राइस लड्ड भी ट्राई करने चाहिए।

नोट कर लें मुख्य सामग्री

बचे हुए चावल
नारियल का बुरादा
कंडेंस्ड मिल्क या गुड़
इलायची
घी

इसे बनाने के लिए सभी चीजें मिलाकर हल्का पकाएं। फिर मिश्रण ठंडा होने पर लड्डू बना लें। इसे नारियल के बुरादे में रोल करें।

राइस एप्पल दालचीनी पुडिंग

इसका फ्लेवर थोड़ा अलग होता है। इसे बनाकर तैयार करें। आपके घर में बच्चों और बड़ों दोनों को यह रेसिपी पसंद आ सकती है।

इन चीजों की पड़ेगी जरूरत

पके हुए चावल
दूध
कद्दूकस किया सेब
दालचीनी पाउडर
शहद या चीनी

इसे बनाने के लिए सबसे पहले दूध और चावल को पकाएं। फिर उसमें सेब डालें। इसके बाद दालचीनी मिलाएं। फिर हल्का गाढ़ा होने पर सर्व करें।