पूड़ी, पकौड़े या अन्य तली-भुनी चीजें बनाते समय तेल का इस्तेमाल थोड़ा ज्यादा होता है। अक्सर ऐसा होता है कि खाना बनाने के बाद कड़ाही में काफी मात्रा में तेल बच जाता है, जिसे लोग बेकार समझकर फेंक देते हैं। लेकिन इस बचे हुए तेल को आप दोबारा से घर के कई छोटे-बड़े कामों में इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर तेल बहुत ज्यादा जला हुआ या काला नहीं हुआ है, तो उसे छानकर फिर से इस्तेमाल किया जा सकता है। यह सब्जी बनाने, मसाले भूनने या पराठे सेंकने के अलावा अन्य कई घरेलू कामों में इस्तेमाल किए जा सकते हैं।
1- जंग से बचाने में करें इस्तेमाल
किचन के चाकू, कैंची या लोहे के बर्तनों पर हल्की परत में तेल लगाने से उन्हें जंग लगने से बचाया जा सकता है। तेल एक प्रोटेक्टिव लेयर बनाता है, जो हवा और नमी को सीधे धातु के संपर्क में आने से बचाता है। इसके अलावा बागवानी के सामानों में भी इसका इस्तेमाल किया जा सकता है। बागवानी में इस्तेमाल होने वाले औजारों को जब भी साफ करना हो तो, इस तेल की मदद से पोंछ दें। इससे वह लंबे समय तक नए जैसे बने रहते हैं और जंग लगने की संभावना भी काफी कम हो जाती है।
2- फर्नीचर पॉलिश में करें इस्तेमाल
बचे हुए कुकिंग ऑयल का इस्तेमाल लकड़ी के फर्नीचर को पॉलिश करने में कर सकते हैं। फर्नीचर पर हल्की मात्रा में तेल लगाकर उसकी प्राकृतिक चमक को फिर से निखारा जा सकता है। तेल लकड़ी की सतह को नमी देने के साथ उसे सूखने और फीका पड़ने से भी बचाता है, जिससे फर्नीचर ज्यादा समय तक नया जैसा दिखता है। इसके लिए एक साफ और मुलायम कपड़े पर थोड़ा सा तेल लगा लें और हल्के हाथों से फर्नीचर की सतह पर रगड़ें। हालांकि, बहुत कम मात्रा में तेल का इस्तेमाल करना चाहिए।
3- नॉन-स्टिक ग्रीसिंग
तवा या पैन पर हल्की ग्रीसिंग करने के लिए बचे हुए तेल का इस्तेमाल कर सकते हैं। भोजन पकाने से पहले बर्तन की सतह पर थोड़ा सा तेल लगा देने से, खाना चिपकने की संभावना कम हो जाती है।
4- दाग और लेबल हटाने में आ सकते हैं काम
अक्सर नए बर्तनों, कांच की बोतलों या प्लास्टिक कंटेनरों पर लगे स्टिकर और उनके चिपचिपे निशान आसानी से नहीं निकलते। ऐसे में बचे हुए तेल का इस्तेमाल कर इसे साफ कर सकते हैं। इसके लिए स्टिकर या गोंद वाली जगह पर थोड़ा सा तेल लगाकर 5-10 मिनट के लिए छोड़ दें, ताकि तेल उस चिपचिपे पदार्थ को ढीला कर दे। इसके बाद किसी मुलायम कपड़े या स्पंज से हल्के हाथों से रगड़ दें। इससे स्टिकर और गोंद आसानी से निकल सकते हैं। इसके बाद बर्तन को हल्के गुनगुने पानी से धो लें, ताकि तेल की चिकनाहट साफ हो जाए।
5- आटा गूंथने में कर सकते हैं इस्तेमाल
अगर तेल ज्यादा जला या काला नहीं हुआ है तो इसका इस्तेमाल आटा गूंथने में कर सकते हैं। आटे में थोड़ी सी मात्रा में तेल मिला देने से रोटियां ज्यादा मुलायम और सॉफ्ट बनती हैं। तेल आटे को स्मूद बनाता है और गूंथते समय उसे बांधने में मदद करता है, जिससे रोटियां बेलने में भी आसानी होती है और वे देर तक नरम रहती हैं। इसके लिए आटा गूंथते वक्त उसमें 1 से 2 चम्मच तेल मिलाएं।
ध्यान रखें कि अगर इस्तेमाल किए हुए तेल से बदबू आ रही है, इसका रंग बहुत गहरा या काला हो गया है तो इसे खाने के किसी भी चीज में इस्तेमाल न करें। ऐसे तेल को फेंकना बेहतर होता है। वहीं, अगर तेल ज्यादा जला नहीं है तो उसे ठंडा करके, छानकर एक एयरटाइट कंटेनर में स्टोर कर सकते हैं।
Also Read
अचार में कब और कैसे लगती है फफूंदी, बचाव के 7 आसान तरीके
