नारियल का तेल बालों और त्वचा के लिए बेहद फायदेमंद होता है। इसे आप घर पर भी बना सकते हैं। दरअसल, कई बार पूजा-पाठ या फिर अन्य किसी कार्यक्रम के दौरान घर में नारियल की जरूरत पड़ती है। कई बार ये इस्तेमाल होने के बाद ये नारियल कई दिनों तक ऐसे ही रख दिए जाते हैं। ऐसे में इन सूखे नारियलों से आप घर पर शुद्ध और खुशबूदार नारियल तेल बना सकते हैं।

बाजार में मिलने वाले कई नारियल तेल मिलावटी होते हैं, जो त्वचा और बालों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे में घर पर बनाए गए शुद्ध नारियल तेल का इस्तेमाल आप बालों के साथ ही त्वचा पर भी कर सकते हैं। आइए जानते हैं इसे बनाने का तरीका क्या है।

नारियल को काट लें
सबसे पहले नारियल को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर करीब दो घंटे के लिए पानी में भिगो दें। इतनी देर में नारियल नरम हो जाता है और साथ ही पीसने में आसानी होती है।

दूध निकालने की प्रक्रिया
जितने कप नारियल ले रहें हैं, उतना ही पानी ले लें। अगर आप एक नारियल के कटे हुए टुकड़े ले रहे हैं, तो उतनी ही मात्रा में पानी डालकर मिक्सी में बारीक पीस लें। इसके बाद साफ सूती के कपड़े की मदद से पिसे हुए नारियल का दूध निकाल लें। जब पूरे नारियल से दूध निकाल जाए तो बुरादे को अलग रख दें। इस बुरादे को धूप में सुखाकर नारियल पाउडर की तरह इस्तेमाल कर सकते हैं।

ठंडा करें
नारियल के दूध को 15 घंटे या पूरी रात के लिए फ्रिज में रख दें। ठंडा होने के बाद इसमें ऊपर मलाई जैसी गाढ़ी परत जम जाती है और नीचे पानी अलग हो जाता है। मलाई को किसी भारी तले की कड़ाही में डालकर गैस पर चढ़ा दें। यह प्रक्रिया ठीक दूध से मलाई जमाने और मलाई से घी निकालने जैसा है।

तेल निकालने का तरीका
मध्यम आंच पर जिस तरह मलाई से घी निकालते हैं लगभग उसी तरह नारियल के मलाई को भी पकने दें। जब मलाई पक जाएगी तो इसमें घी के जैसा तेल अलग होने लगेगा और भूरा अवशेष दिखने लगेगा। इस प्रक्रिया में थोड़ा समय लग सकता है। जब तेल निकल जाए तो इसे सूती कपड़े की मदद से छान लें। आपका होममेड शुद्ध नारियल तेल तैयार है। अब इसे आप स्टोर करके इस्तेमाल कर सकते हैं।

Also Read
घिसे हुए साबुन को फेंकें नहीं, इन 5 तरीकों से करें इस्तेमाल