व्रत के दौरान कुछ मीठा खाने का मन हो तो आप लौकी का हलवा बना सकते हैं। दूध, लौकी, घी और थोड़े से ड्राई फ्रूट्स से तैयार होने वाला यह हलवा स्वादिष्ट होने के साथ शरीर को ताकत भी दे सकता है। इससे पेट भी लंबे समय तक भरा महसूस होगा। साथ ही यह पूरी तरह से सात्विक रेसिपी है। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए घंटों कड़ाही के सामने खड़े रहने की जरूरत नहीं है। अगर आप व्रत के लिए लौकी का हलवा जल्दी बनाना चाहती हैं, तो लौकी को बारीक कद्दूकस करके पहले थोड़ी देर ढककर पकाएं। इससे वह जल्दी नरम हो जाएगी और दूध के साथ हलवा भी कम समय में तैयार हो जाएगा।
लौकी का हलवा बनाने के लिए जरूरी चीजें
लौकी – 500 ग्राम
फुल क्रीम दूध – 500 मिलीलीटर
घी – 2 से 3 बड़े चम्मच
चीनी – 4 से 5 बड़े चम्मच या स्वादानुसार
इलायची पाउडर – ½ छोटा चम्मच
काजू – 8 से 10
बादाम – 8 से 10
किशमिश – 1 बड़ा चम्मच
बारीक कटे पिस्ता – 1 बड़ा चम्मच
बनाने का तरीका
इसे बनाने के लिए सबसे पहले लौकी को छीलकर अच्छी तरह धो लें। फिर इसे बारीक कद्दूकस कर लें। अगर लौकी में बहुत ज्यादा पानी है तो उसे हल्के हाथ से निचोड़ लें। पूरा पानी निकालने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यही नमी लौकी को जल्दी पकाने में मदद करेगी। अब एक चौड़ी और भारी तली वाली कड़ाही गर्म करें। इसमें 1 बड़ा चम्मच घी डालें और कद्दूकस की हुई लौकी डाल दें।
इसे तेज आंच पर लगातार भूनने की बजाय मध्यम आंच पर 4-5 मिनट ढककर पकाएं। बीच में एक बार चला दें। इससे लौकी जल्दी नरम हो जाएगी और उसका कच्चापन भी कम हो जाएगा। फिर जब लौकी नरम हो जाए तो इसमें 500 मिलीलीटर गर्म दूध डालें और अच्छी तरह मिला दें। इसे मध्यम आंच पर पकने दें। बीच-बीच में चलाते रहें ताकि दूध कड़ाही के तले में न लगे। दूध पहले से गर्म करके डालने से हलवा तैयार होने में थोड़ा कम समय लगता है। जब दूध काफी कम हो जाए और लौकी अच्छी तरह पक जाए, तब इसमें चीनी डालें।
चीनी डालने के बाद लौकी फिर थोड़ा पानी छोड़ेगी, इसलिए इसे मध्यम से तेज आंच पर चलाते हुए पकाएं। जब मिश्रण गाढ़ा होने लगे तो बचा हुआ 1-2 चम्मच घी डाल दें। मेवे और इलायची डालकर करें तैयार। अब इसमें कटे हुए काजू, बादाम, पिस्ता और किशमिश डालें। आखिर में इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला दें। जब हलवा कड़ाही छोड़ने लगे और दूध लगभग पूरी तरह सूख जाए, तब गैस बंद कर दें। गरमा-गरम लौकी का दूध वाला हलवा तैयार है।
