Karwa Chauth 2026: शादीशुदा महिलाओं के लिए करवाचौथ का विशेष महत्व होता है। इस दौरान महिलाएं पूरे दिन व्रत रखती हैं और रात को चंद्रमा की पूजा करने के बाद ही पानी पीती हैं। पति की लंबी उम्र की कामना करते हुए बड़ों का आशीर्वाद भी लिया जाता है। खास तौर पर सुहागिन महिलाएं अपनी सास के पैर छूती हैं और उन्हें तोहफा देती हैं। अगर आप पहली बार सास को कुछ दे रही हैं या उन्हें कुछ खास देना चाहती हैं, तो करवाचौथ पर साड़ी गिफ्ट करना बेहतरीन विकल्प हो सकता है। जिसे देखकर सास के चेहरे पर मुस्कान आ सकती है।
इस बार करवाचौथ 29 अक्टूबर को मनाया जाएगा। इस खास मौके पर अपनी सास को खुश करने के लिए यहां बताई गई साड़ी डिजाइन से आइडिया ले सकती हैं। जिन्हें किसी भी मौके पर आसानी से कैरी किया जा सकता है। इसके साथ ही आप उन्हें मैचिंग की ज्वेलरी, चूड़ियां और फुटवियर भी दे सकती हैं।
हैंडलूम साड़ी
करवाचौथ पर सास को कुछ अलग तरह की साड़ी देना चाहती हैं, तो हैंडलूम साड़ी बेहतरीन विकल्प हो सकती है। इस तरह की साड़ियों को मशीन के बिना कारीगरों द्वारा हाथ से करघे पर बुना जाता है। बनारसी, चंदेरी, महेश्वरी, कांजीवरम, बंधेज, जामदानी और बेगमपुरी कुछ हैंडलूम साड़ियों के प्रकार हैं। ये सभी साड़ियां देश के अलग-अलग हिस्सों में तैयार की जाती हैं। इन साड़ियों को डेली वियर, त्योहार और शादी में पहना जा सकता है। किसी भी उम्र की महिलाओं के लिए इस तरह की साड़ी रॉयल और आकर्षक लुक दे सकती हैं।

पाटन पटोला साड़ी
सास के साड़ी कलेक्शन में कुछ यूनिक चीजों को शामिल करना चाहती हैं, तो पाटन पटोला साड़ी गिफ्ट कर सकती हैं। यह गुजरात के पाटन शहर में हाथ से बुनी जाने वाली प्रसिद्ध और कीमती रेशमी साड़ी है। इसे डबल इकत तकनीक से बुना जाता है। इस साड़ी की खासियत है कि यह दोनों तरफ दिखने में एक जैसी लगती है। इसे बनाने में कई दिनों की मेहनत लगती है। अगर आप अपनी सास को पहली बार कुछ गिफ्ट कर रही हैं, तो इस तरह की साड़ी बेहतरीन विकल्प हो सकती है।

बनारसी / कांजीवरम साड़ी
बनारसी या कांजीवरम साड़ी आकर्षक और क्लासी लुक देती हैं। इस तरह की साड़ी किसी भी खास मौके, त्योहार या शादी में पहना जा सकता है। सास को गिफ्ट करने के लिए इस तरह की साड़ी दे सकती हैं, जिसमें आपको कई रंग और डिजाइन मिल जाते हैं। दोनों साड़ी के डिजाइन और पैटर्न में काफी अंतर देखने को मिलता है। बनारसी साड़ी उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर से जुड़ी है और कांजीवरम साड़ी दक्षिण भारत के कांचीपुरम शहर से ताल्लुक रखती है। यह साड़ी सास को पसंद आ सकती है।

जॉर्जेट साड़ी
यह साड़ी हल्की और दानेदार बनावट के लिए जानी जाती है। इसे रोजाना पहना जा सकता है क्योंकि यह काफी आरामदायक होती है। अगर आप अपनी सास को कुछ ऐसा गिफ्ट देना चाहती हैं, तो जिसे वे रोज पहन सकें। इसके लिए जॉर्जेट साड़ी बेहतरीन विकल्प हो सकती है। इस तरह की साड़ी को मार्केट, ट्रैवलिंग, शादी या त्योहार पर भी पहन सकती हैं। इसमें आपको कई तरह के डिजाइन मिल जाएंगे, जिसे आप मौके या अवसर के अनुसार चुन सकती हैं। यह साड़ी रखरखाव में भी आसान होती है क्योंकि इसमें सिलवटें नहीं पड़ती हैं।

कॉटन साड़ी
आरामदायक और रोज पहनने के लिए कॉटन की साड़ी बेहतरीन विकल्प हो सकती है। इस तरह की साड़ी महिलाओं के लिए वॉर्डरोब का हिस्सा जरूर होती हैं। अगर आपकी सास वर्किंग है, तो उनके लिए यह अच्छा गिफ्ट हो सकता है। कुछ लोगों को रोजाना ऑफिस या काम पर जाने के लिए साड़ी पहननी होती है। ऐसे में आप कॉटन की साड़ी को उन्हें गिफ्ट कर सकती हैं।

