तकिया लगभग हर घर में इस्तेमाल किया जाता है। इसका काम मुख्य रूप से सोने या आराम करने के दौरान, सिर, गर्दन और रीढ़ की हड्डी को सही सीध में रखने और सहारा देना होता है। यह मांसपेशियों के तनाव को कम करके शरीर को आरामदायक स्थिति प्रदान करता है। लेकिन लगातार इस्तेमाल करते-करते तकिया कई बार अंदर से गंदा हो जाता है।

अक्सर लोग तकिए का कवर तो साफ कर देते हैं लेकिन कई बार गंदगी इसके अंदर भी होती है। दरअसल, पसीना और अन्य शरीर की अन्य गंदगी सोते समय तकिए के कवर और अंदर की फिलिंग तक पहुंच सकती है। ऐसे में इन्हें साफ करना जरूरी हो जाता है। अगर दाग पुराने हो जाएं तो सामान्य डिटर्जेंट से उन्हें हटाना मुश्किल हो जाता है। हालांकि, कुछ घरेलू नुस्खे हैं जिनकी मदद से आप तकिए पर लगे पीले और जिद्दी दाग को साफ कर सकते हैं।

पहला तरीका

तकिए पर लगे पीले और अन्य जिद्दी दागों को साफ करने के लिए बेकिंग सोडा और नींबू का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए आधा चम्मच बेकिंग सोडा और थोड़ा नींबू का रस मिलाकर हल्का पेस्ट बना लें। इस पेस्ट को दाग वाली जगह पर लगाकर करीब 20-30 मिनट के लिए छोड़ दें। फिर मुलायम ब्रश या कपड़े से हल्के हाथों से रगड़ें और तकिए को सामान्य तरीके से धो लें।

दूसरा तरीका

तकिए पर लगे पीले दाग को साफ करने के लिए सफेद सिरका कारगर साबित हो सकता है। इसके लिए एक हिस्सा सफेद सिरके में करीब दो हिस्से पानी मिलाकर घोल तैयार कर लें। अब इस घोल को दाग वाली जगह पर लगाकर 15-20 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद हल्के हाथों से रगड़कर डिटर्जेंट से धो लें। इससे दाग साफ होने के साथ ही तकिए में से आने वाली गंध भी कम हो सकती है।

तीसरा तरीका

तकिए के जिद्दी दागों को साफ करने के लिए सबसे असरदार नुस्खा बेकिंग सोडा और डिटर्जेंट बताया जाता है। अगर बहुत जिद्दी दाग हैं तो थोड़ा लिक्विड डिटर्जेंट और बेकिंग सोडा मिलाकर पेस्ट बना लें। अब इसे प्रभावित हिस्से पर लगाकर करीब 30 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद हल्के हाथ से रगड़कर साफ कर दें। इससे काफी हद तक दाग कम हो सकता है।

यह भी करें

तकियों को साफ करने के बाद उन्हें धूप में सुखाना बेहद जरूरी है। क्योंकि हल्की नमी के चलते भी उसमें दुर्गंध या फफूंदी जैसी समस्या हो सकती है। धोने के बाद तकिए को अच्छी तरह निचोड़कर हवादार जगह पर पूरी तरह सुखा दें।

ध्यान रखें ये बातें

किसी भी घरेलू उपाय को इस्तेमाल करने से पहले तकिए के केयर लेबल को जरूर पढ़ें। रेशम, ऊनी या बहुत नाजुक कपड़े पर तेज चीजों का इस्तेमाल न करें। वहीं, किसी भी नुस्खे को अपनाने से पहले इसका पैच टेस्ट जरूर कर लें।

यह भी पढ़ें
बाथरूम का दरवाजा नीचे से फूलने क्यों लगता है, जानें बचाव के आसान उपाय