Ladakh Vs Spiti Valley: पहाड़ी इलाकों पर घूमने के शौकीन लोग अक्सर ऐसी जगहों की तलाश में रहते हैं, जहां शांति और सुकून का अनुभव मिल सके। इन जगहों में लद्दाख और स्पीति वैली भी शामिल हैं। भारत के सबसे खूबसूरत हिमालयी क्षेत्रों में शामिल लद्दाख और स्पीति वैली घूमने की बेहतरीन जगह हैं। प्राचीन मठ, ऊंचे-ऊंचे पहाड़, नीला आसमान, हिमालय के शानदार नजारे, संस्कृति, रोमांच और शांति का अनुभव करने यहां आ सकते हैं। यहां पर यात्रा करना आपके जीवन के शानदार अनुभवों में शामिल हो सकता है।

हालांकि दोनों जगहों में से घूमने के लिए कौन-सी जगह चुनी जाए, इसे लेकर कई लोग कंफ्यूज रहते हैं। ऐसे में कुछ जरूरी बातों को जानकर आप लद्दाख और स्पीति वैली ट्रिप को लेकर अपनी पसंद और जरूरत के अनुसार बेहतर फैसला कर सकते हैं।

लद्दाख में घूमने की जगहें

लद्दाख पहुंचकर आप मठ, पैंगोंग झील, नुब्रा वैली, खारदुंग ला दर्रा और लेह बाजार को एक्सप्लोर कर सकते हैं।

स्पीति वैली में घूमने की जगहें

यहां आप चंद्रताल झील, काजा, ताबो मठ, कोमिक गांव और तांग्युद मठ जैसी खूबसूरत जगहों पर घूम सकते हैं।

लद्दाख और स्पीति घूमने का सबसे अच्छा समय

लद्दाख घूमने का सबसे अच्छा समय जून से सितंबर के बीच का माना जाता है। इस समय श्रीनगर और मनाली जाने वाली सड़कें खुली रहती हैं। इस दौरान मौसम साफ होता है और ऊंचाई वाले इलाकों में रोड ट्रिप की जा सकती है। हालांकि अक्टूबर से अप्रैल के बीच यहां यात्रा करने से बचना चाहिए। इस दौरान काफी ठंड पड़ती है और दर्रे बंद रहते हैं।

वहीं स्पीति घूमने के लिए सबसे अच्छा समय मई से अक्तूबर तक माना जाता है। इस समय मौसम साफ रहता है और सभी रास्ते खुले रहते हैं। हालांकि जुलाई से अगस्त में मानसून के दौरान यहां बारिश और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में मौसम की जानकारी लेने के बाद ही यहां घूमने का प्लान करें।

कहां घूमने हो सकता है बेहतर?

लद्दाख और स्पीति वैली भारत के सबसे खूबसूरत पहाड़ी क्षेत्रों में से एक हैं। घाटियां, झीलें, प्राचीन मठ, मनमोहक नजारे और पहाड़ों का सुकूनभरा जीवन एक यादगार अनुभव दे सकता है।

अगर लंबी रोड ट्रिप और बाइक राइड का अनुभव लेना चाहते हैं, तो लद्दाख घूमने का प्लान कर सकते हैं। यहां पैंगोंग झील, नुब्रा वैली और खारदुंग ला जैसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल देखने को मिलेंगे। हालांकि यहां जाने के लिए आपको ज्यादा बजट की जरूरत पड़ सकती है। यहां घूमने के लिए जून से सितंबर का समय बेहतर हो सकता है।

अगर आप पहली बार रोड ट्रिप कर रहे हैं, तो स्पीति वैली बेहतरीन विकल्प हो सकता है। यहां पर आपको प्राचीन मठ, पिन वैली और शांत वातावरण अनोखा अनुभव मिल सकता है। लद्दाख की तुलना में स्पीति घूमने के लिए कम बजट की जरूरत हो सकती है। यहां घूमने के लिए मई से अक्टूबर तक का समय अच्छा माना जाता है।