घर में कई जगहों पर लोग टाइल्स लगवाते हैं। ये न केवल देखने में सुंदर लगते हैं बल्कि सीलन और गंदगी की समस्या से काफी हद तक बचाव करते हैं। टाइल्स के बीच की सफेद लाइन यानी ग्राउट लाइन पर कालापन आ जाए तो पूरा फर्श या दीवार गंदी और पुरानी दिखने लगती है। कई लोग रोज पोछा लगाने या सफाई के बावजूद इस समस्या से परेशान रहते हैं।

घर का फर्श या बाथरूम कितना भी चमकता हुआ क्यों न दिखे, टाइल्स के बीच बनी सफेद लाइन कुछ समय बाद काली या भूरी दिखाई देने लगती है। इल्स के बीच की यह लाइन धूल, नमी, साबुन की परत और दूसरी गंदगी को आसानी से सोख लेती है। इसलिए इसका रंग बदलने लगता है। अगर समय रहते इसकी सफाई न की जाए तो यह हिस्सा बदरंग दिखने लगता है और पूरे कमरे की साफ-सफाई पर असर पड़ता है। आइए जानते हैं इसके बारे में।

टाइल्स की बीच की सफेद लाइन जल्दी काली क्यों पड़ जाती है?

  1. टाइल्स आमतौर पर चिकनी होती हैं, इसलिए उन पर गंदगी इतनी जल्दी नहीं जमती है। वहीं टाइल्स के बीच भरा गया ग्राउट थोड़ा छिद्रदार और रफ होता है। यही वजह है कि धूल, साबुन का झाग, तेल, मिट्टी और नमी इसके अंदर तक पहुंचकर जमने लगते हैं।
  2. बाथरूम में नहाने के बाद फर्श पूरी तरह सूख नहीं पाता। अगर वेंटिलेशन कम हो या पानी देर तक जमा रहे, तो नमी ग्राउट में बनी रहती है। इससे फफूंदी और काले धब्बे पड़ने लगते हैं।
  3. कई बार पोछा लगाने से गंदगी हटने के बजाय उसका कुछ हिस्सा ग्राउट लाइन में ही जमा हो जाता है। धीरे-धीरे यही परत काली दिखाई देने लगती है। इसलिए इसे सही से साफ करें।
  4. रसोई की टाइल्स पर उड़ने वाला तेल और धूल मिलकर चिपचिपी परत बना सकते हैं। यह परत ग्राउट में जाकर जमती रहती है, जिससे सफेद लाइन का रंग बदलने लगता है।
  5. रोजाना की सफाई से सिर्फ ऊपरी गंदगी हटती है। अगर महीनों तक ग्राउट लाइन पर अलग से ध्यान न दिया जाए, तो उसमें जमी गंदगी धीरे-धीरे गहरी होती जाती है।

टाइल्स की बीच की काली लाइन साफ करने के तरीके

गुनगुना पानी और डिटर्जेंट

अगर ग्राउट लाइन पर जमी गंदगी ज्यादा पुरानी नहीं है तो गुनगुने पानी में हल्का डिटर्जेंट मिलाकर मुलायम ब्रश या पुराने टूथब्रश से ग्राउट लाइन को धीरे-धीरे साफ कर सकते हैं। इसके बाद पानी से साफ कर दें।

बेकिंग सोडा का पेस्ट

दाग या गंदगी पुरानी है तो उसे हटाने के लिए बेकिंग सोडा में थोड़ा पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बनाएं। पेस्ट को ग्राउट लाइन पर लगाएं। इसके करीब 10 से 15 मिनट तक छोड़ दें। मुलायम ब्रश से हल्के हाथों से रगड़ें। पानी से धोकर साफ कर लें।

सिरका का करें इस्तेमाल

सिरके के घोल से भी आप सफेद लाइन की सफाई कर सकते हैं। मार्बल या ग्रेनाइट पर अम्लीय क्लीनर नुकसान पहुंचा सकते हैं, इसलिए पहले किसी छोटे हिस्से पर जांच करना बेहतर रहता है।