आमतौर पर बच्चों के पास कपड़ों की संख्या काफी ज्यादा होती है, क्योंकि वे जल्दी-जल्दी बड़े होते हैं और नए-नए कपड़े खरीदे जाते रहते हैं। बच्चों के पास त्योहारों, स्कूल फंक्शन और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए अलग-अलग तरह के कपड़े होते हैं। इस वजह से उनकी अलमारी अक्सर बहुत जल्दी भर जाती है। जब जगह कम पड़ने लगती है, तो कपड़े सही तरीके से व्यवस्थित नहीं रह पाते और कई बार कपड़े भरभरा कर बाहर गिरने लगते हैं या बिखर जाते हैं। कई बार कपड़े सही तरीके से फोल्ड न होने की वजह से भी बिखर जाते हैं, एक-दूसरे के ऊपर गिर जाते हैं या अलमारी खोलते ही बाहर निकलने लगते हैं। इससे कपड़े ढूंढना भी काफी मुश्किल हो जाता है।

लेकिन अगर थोड़ा समझदारी और स्मार्ट तरीके से कपड़ों को व्यवस्थित किए जाएं, तो अलमारी को काफी हद तक साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखा जा सकता है। आइए जानते हैं:

1- कपड़ों को कैटेगरी में बांटें
अलमारी को व्यवस्थित रखने का सबसे आसान तरीका है कपड़ों को उनकी जरूरत और उपयोग के अनुसार अलग-अलग श्रेणियों में बांटना। इसके लिए आप अलमारी को मुख्य रूप से तीन हिस्सों में बांट सकते हैं।

  • रोजाना पहनने वाले कपड़े
  • स्कूल या फॉर्मल कपड़े
  • पार्टी या खास मौकों पर पहनने वाले कपड़े

इस तरह अलग-अलग कैटेगरी में कपड़े रखने से न सिर्फ अलमारी साफ-सुथरी नजर आती है, बल्कि जरूरत के हिसाब से कपड़े ढूंढना भी बहुत आसान हो जाता है। इससे समय की भी बचत होती है।

2- बॉक्स का करें इस्तेमाल
अलमारी को व्यवस्थित रखने के लिए छोटे कपड़ों को सीधे शेल्फ में रखने के बजाय अलग-अलग छोटे बॉक्स या स्टोरेज बिन का इस्तेमाल कर सकते हैं। टी-शर्ट, इनरवेयर, मोजे और अन्य छोटे कपड़ों के लिए अलग-अलग बॉक्स निर्धारित करें, ताकि हर चीज अपनी तय जगह पर रहे। इस तरीके से न सिर्फ कपड़े आसानी से मिल जाते हैं, बल्कि अलमारी में बिखराव भी नहीं होता।

3- हैंगर का सही इस्तेमाल
सभी कपड़ों को हैंगर नहीं टांगने चाहिए। फॉर्मल शर्ट, ड्रेस, जैकेट या जिन कपड़ों पर सिलवटें आसानी से बड़ जाती हैं या जिनका शेप बनाए रखना जरूरी होता है, उन्हें हैंगर पर टांगना चाहिए।

4- रोल करके रखने का तरीका
अलमारी को ज्यादा व्यवस्थित और स्पेस-सेविंग बनाने के लिए कपड़ों को मोड़कर रखने के बजाय रोल करके रखना काफी बेहतर तरीका हो सकता है। खासकर टी-शर्ट, शॉर्ट्स, पजामा और हल्के कपड़ों को अच्छे से रोल करके रखने से न सिर्फ जगह की बचत होती है, बल्कि हर कपड़ा आसानी से दिखाई देता है।

5- सीजनल कपड़ों को अलग रखें
अलमारी को व्यवस्थित और ज्यादा स्पेस पाने के लिए सीजन के हिसाब से कपड़ों को अलग-अलग रखें। जो कपड़े अभी उपयोग में नहीं आ रहे हैं, जैसे सर्दियों के भारी जैकेट, स्वेटर या अन्य कपड़े उन्हें अलमारी के ऊपरी हिस्से या फिर बेड बॉक्स में रख दें। इससे अलमारी में ज्यादा जगह मिलेगी और कपड़े व्यवस्थित तरीके से रखे जा सकते हैं।

Also Read
अलमारी में ऐसे ही न फेंके जींस, इन 4 तरीकों से रखेंगे तो कम जगह में काम हो जाएगा