होली पर घरों में तरह-तरह के पकवान बनाए जाते हैं, जो त्योहार की खुशियों को और बढ़ा देते हैं। इन्हीं खास डिशेज में से एक है खोया पनीर। दरअसल, खोया पनीर अपने रिच और मलाईदार स्वाद के लिए जाना जाता है। आप इसे होली पर आसानी से तैयार कर सकते हैं।
खोया पनीर को सामान्य व्यंजनों की तुलना में बनाने की विधि थोड़ी अलग होती है। इसमें खोया, मक्खन और विभिन्न मसालों का मिश्रण इसके स्वाद को बेहद लाजवाब बना देता है। उत्तर भारत में यह काफी लोकप्रिय है और इसे घर पर भी आसानी से तैयार किया जा सकता है। यह हर किसी को पसंद आता है।
खोया पनीर बनाने की सामग्री
पनीर: 300-350 ग्राम
खोया: 50 ग्राम
प्याज: एक
जीरा: एक चम्मच
दालचीनी: डेढ़ इंच
कसूरी मेथी: एक चम्मच
टमाटर: तीन
अदरक: एक इंच
लहसुन: चार-पांच कलियां
हल्दी: एक चम्मच
कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर: एक चम्मच
नमक: स्वादानुसार
खोया पनीर बनाने की विधि
सबसे पहले पनीर को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। फिर एक कड़ाही में मक्खन डालकर उसमें पनीर के टुकड़े डाल दें और तब तक भूनें, जब तक कि वे सुनहरे भूरे रंग के न हो जाएं। भुना हुआ पनीर एक थाली में निकालकर रख लें। अब कड़ाही में फिर से मक्खन डालें और उसमें जीरा, दालचीनी, इलायची, लौंग और कसूरी मेथी भून लें।
इसके बाद अदरक-लहसुन का पेस्ट और कटा हुआ प्याज डाल दें। हल्का लाल रंग आने पर इसमें बारीक कटे हुए टमाटर डालें और थोड़ा सा पानी मिला दें। इसे ढक्कन लगाकर आठ-दस मिनट तक पकाएं। फिर इसमें मिर्च पाउडर, हल्दी, गरम मसाला और धनिया पाउडर मिलाएं। टमाटर को चम्मच से अच्छी तरह मसल दें, ताकि गाढ़ी तरी बन जाए।
अब इसमें खोया डालें और टमाटर की तरी के साथ अच्छी तरह मिलाएं। जब खोया किनारों से तेल छोड़ना शुरू कर दे, तो इसमें भुना हुआ पनीर डालें और नमक के साथ थोड़ा सा पानी मिला दें। इसे धीमी आंच पर आठ-दस मिनट तक पकाएं। थोड़ा ठंडा होने पर इसे रोटी, नान या चावल के साथ परोसें।
