Khoya Halwa Recipe: हिंदू धर्म में सावन के सोमवार बहुत ही खास और पवित्र माने जाते हैं। इस दौरान शिव जी की पूजा करते हैं और उनके लिए व्रत रखते हैं। लोग अपनी पसंद के अनुसार फलाहार करते हैं। ऐसे में कई लोगों को मीठा खाने या बनाने का मन करता है। लेकिन इस दौरान सूजी, बेसन या आटे का हलवा नहीं बनता है। ऐसे में खोया हलवा रेसिपी ट्राई कर सकते हैं, जिसे सिर्फ 2 चीजों की मदद से बनाया जा सकता है। खोया और चीनी की चाशनी से इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है। इस हलवे को आप भोग के लिए भी इस्तेमाल कर सकते हैं और मीठे की क्रेविंग को भी दूर कर सकते हैं। यह खाने में बहुत ही स्वादिष्ट लगता है और बनाने में ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती।

अगर आप सावन पर कुछ अलग और यूनिक रेसिपी ट्राई करना चाहते हैं, तो खोया हलवा बना सकते हैं। इसकी रेसिपी शेफ कुणाल कपूर ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर की।

खोया हलवा बनाने की सामग्री

खोया – 500 ग्राम
पानी – 1 कप
चीनी – 3 चम्मच
घी – 1 चम्मच
इलायची पाउडर – ¾ चम्मच
जायफल पाउडर – ½ चम्मच
ड्राई फ्रूट्स – आधा कप

बनाने का तरीका

इसे बनाने के लिए सबसे पहले कड़ाही को गर्म करें और उसमें कद्दूकस किया हुआ खोया डालें। हल्की आंच पर धीरे-धीरे खोया को भूनना है। खोया भूरा होने तक भूनना है। खोया को भूनने के साथ ही इसकी चाशनी भी तैयार कर सकते हैं। इसके लिए एक बर्तन में चीनी और 1 कप पानी डालें। इसमें चीनी का ज्यादा इस्तेमाल न करें क्योंकि खोया में भी प्राकृतिक मिठास होती है। अगर आप हलवा ज्यादा मीठा खाना नहीं पसंद करते हैं, तो 2 चम्मच चीनी काफी होगी। जैसे ही पानी में चीनी घुल जाए, तो गैस को बंद कर दें। ध्यान रखें कि चाशनी को गाढ़ा न होने दें। जब खोया का रंग हल्का सा बदलने लगे तो इसमें 1 चम्मच चीनी डाल दें। इससे खोया जल्दी भून जाएगा और यह बर्तन पर ज्यादा चिपकेगा नहीं।

जब खोया भूरा हो जाए, तो इसमें 1 चम्मच घी डाल सकते हैं। जिससे हलवे की खुशबू और स्वाद और बेहतर हो जाएगी। अब इसमें चाशनी डालें और चम्मच से इसे मिलाएं। साथ ही इसमें इलायची पाउडर, जायफल पाउडर और ड्राई फ्रूट्स डालकर अच्छी तरह मिला लें। इस तरह खोया का हलवा तैयार हो जाएगा।