Places to Visit Kerala During Monsoon: मानसून का समय बहुत ही शानदार होता है जब बारिश की बूंदें, चारों तरफ फैली हरियाली और ठंडी हवाएं मन को सुकून पहुंचाती हैं। ऐसे में ज्यादातर लोगों का मन करता है कि वह किसी प्राकृतिक जगह पर घूमने जाएं। ऐसे में आप दक्षिण भारत के राज्य केरल जाने का प्लान कर सकते हैं। यहां की खूबसूरती और शानदार मौसम लोगों को आकर्षित करते हैं। यहां पर आप कुछ शानदार जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं। अगर आप खर्च की चिंता कर रहे हैं तो यहां दिए गए कुछ तरीके की मदद से बजट ट्रिप प्लान कर सकते हैं।
इडुक्की
प्राकृतिक सुंदरता और शांति के बीच समय बिताने के लिए इडुक्की काफी लोकप्रिय जगह है। यहां मौजूद पहाड़, झरने और घने जंगल मानसून में बहुत खूबसूरत दिखाई देते हैं। यहां पर आप इडुक्की आर्क डैम, हिल व्यू पार्क, कलवारी माउंट जैसी जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं।
वायनाड
यहां पर मानसून के समय बारिश और धुंध का नजारा किसी फिल्मी सीन से कम नहीं लगता है। यहां पर झरने, गुफाएं, व्यू पॉइंट और हरियाली पर्यटकों को आकर्षित करती हैं। बाणासुर सागर बांध, एडक्कल गुफाएं, चेम्ब्रा पीक जैसी शानदार जगहों का आनंद ले सकते हैं।
वर्कला
यह जगह अपने खूबसूरत बीच, चट्टानों और शांत माहौल के लिए जानी जाती है। मानसून के दौरान यहां पर समुद्र का नजारा बहुत ही खास लगता है। अगर आप कम खर्च में यहां घूमना चाहते हैं, तो बीच के पास मौजूद गेस्ट हाउस या होमस्टे चुन सकते हैं।
कोवलम
कोवलम के लिए सबसे नजदीकी रेलवे स्टेशन तिरुवनंतपुरम है। तिरुवनंतपुरम से आसानी से कोवलम बीच पहुंच सकते हैं। जहां पर कई एडवेंचर एक्टिविटीज का आनंद लिया जा सकता है। बारिश के मौसम में इस जगह की खूबसूरती दोगुना बढ़ जाती है।
नेल्लियमपेथी
केरल के पलक्कड़ जिले में स्थित खूबसूरत और शांत ऑफबीट हिल स्टेशन नेल्लियमपेथी में मानसून के दौरान घूमने का प्लान कर सकते हैं। अगर आप भीड़भाड़ से दूर सुकून भरे पल बिताना चाहते हैं, तो यह जगह अच्छा ऑप्शन साबित हो सकती है। यह जगह खासतौर पर संतरे की खेती और चाय के बागानों के लिए जानी जाती है।
बजट में ट्रिप करने के तरीके
अक्सर हम ट्रिप का प्लान तो बना लेते हैं लेकिन कई बार कम बजट की वजह से घूमने का प्लान टालना पड़ जाता है। ऐसे में आप बजट ट्रिप के लिए कुछ बातों का ध्यान रख सकते हैं। अगर आप दोस्तों के साथ ट्रैवल कर रहे हैं तो शेयरिंग में यात्रा करने से ट्रिप का खर्च कम किया जा सकता है। क्योंकि इस दौरान रहना, टैक्सी और खाने का खर्च आधा-आधा हो सकता है।
इसके अलावा रहने के लिए होम स्टे या गेस्ट हाउस चुन सकते हैं जो आपके बजट में हो सकते हैं। महंगे रेस्टोरेंट की बजाय स्थानीय भोजन का स्वाद लें। इसके अलावा पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल कर सकते हैं जो आपकी ट्रिप के खर्च को कम कर सकता है। इसके अलावा अगर ऑफसीजन में ट्रैवल करते हैं, तो होटल से लेकर खाने-पीने तक की कई चीजों में कम कीमत मिल सकती है।
