भारत में गेहूं के आटे के अलावा बाजरा, मक्का, रागी, जौ और अन्य कई तरह की रोटियां खाई जाती हैं। इन्हीं में से एक मालाबार पराठा (मलाबार परोट्टा) भी है, जो अपनी खास बनावट और स्वाद के लिए प्रसिद्ध है। यह अपनी मुलायम और परतदार बनावट के लिए जानी जाती है। इसे बनाने के लिए मैदा, पानी, नमक और तेल जैसी सामान्य सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है। कई बार इसे स्वादिष्ट बनाने के लिए दूध या अंडा भी मिला जाता है। इसकी असली पहचान इसे बनाने का खास तरीका है। आटे को एक खास तकनीक से गूंथकर और फैलाकर इसमें कई पतली परतें बनाई जाती हैं, जिससे पराठा नरम और कुरकुरा बनता है। आइए जानते हैं इसके इतिहास और बनाने की तकनीक के बारे में:

मालाबार पराठा का इतिहास

मालाबार दक्षिण-पश्चिमी भारत का एक तटीय क्षेत्र है जो मुख्य रूप से केरल राज्य में फैला हुआ है और इसका कुछ हिस्सा कर्नाटक तथा तमिलनाडु राज्यों तक भी जाता है। मालाबार पराठा मालाबार के खानपान की सबसे पुरानी और मशहूर व्यंजनों में से एक है। द इंडियन एक्सप्रेस की टीम ने मालाबार पराठा के बनाने के तरीके और इतिहास के बारे में शेफ अमोल बाउल से बात की, तो उन्होंने बताया इस परतदार रोटी की शुरुआत कब और कहां से हुई, इसकी कोई सटीक जानकारी उपलब्ध नहीं है।

शेफ बाउल के अनुसार, “कहा जाता है कि इसका संबंध भारत के अलग-अलग हिस्सों और पश्चिम एशिया में बनाई जाने वाली दूसरी परतदार रोटियों से है। केरल के समुद्री तटों पर व्यापारिक गतिविधियों के कारण यहां के लोगों को अलग-अलग जगहों के खानपान और पकाने के तरीकों को जानने का मौका मिला। इसका असर धीरे-धीरे स्थानीय व्यंजनों में भी दिखाई देने लगा। बाद में यहां के रसोइयों ने इस रोटी को अपने तरीके से बनाया और इसे सड़क किनारे मिलने वाला मशहूर व्यंजन बना दिया।”

मालाबार पराठा की परतें बनाने का खास तरीका

शेफ बाउल ने मालाबार पराठा बनाने का सिंपल तरीका बताया है। उनके अनुसार इसे घर पर भी आसानी से स्वादिष्ट और परतदार बनाया जा सकता है। आइए जानते हैं इसे बनाने के तरीके के बारे में:

1- सबसे पहले गेहूं के आटे में पानी, नमक और पर्याप्त मात्रा में तेल मिला लें।
2- अब इसे अच्छी तरह गूंथें, ताकि आटा मुलायम और लचीला हो जाए।
3- गूंथे हुए आटे को कुछ देर ढककर रख दें। इससे आटा आसानी से फैल जाता है और बेलते समय फटता नहीं है।
4- अब तेल लगी सतह पर आटे को हाथों की मदद से खींचकर बहुत पतला फैलाएं। इसकी परत इतनी पतली होनी चाहिए कि उसके आर-पार देखा जा सके।
5- इसके बाद फैले हुए आटे की सतह पर अच्छी तरह तेल लगाएं।

6- अब फैले हुए आटे को पतली-पतली पट्टियों या सिलवटों के रूप में मोड़ना शुरू करें। इसके बाद इन पट्टियों को रस्सी की तरह गोल घुमाकर कुंडली का आकार दें। अब इसे कुछ देर के लिए रख दें।
7- इसके बाद इस गोल आटे को हल्के हाथों से दबाकर चपटा कर लें और बेलकर गोल रोटी का आकार दें। इस तरीके से आटे की कई पतली परतें बनती हैं, जिनके बीच तेल की हल्की परत रहती है।
8- अब तवे को गर्म करें और उस पर पराठा डालकर सुनहरा होने तक पका लें। यह अंदर से नरम और बाहर से कुरकुरा होता है, इसलिए इसे मध्यम आंच पर पकाना चाहिए।
9- पराठा पक जाने के बाद इसे दोनों हाथों के बीच रखकर हल्के हाथों से थपथपाएं। इससे इसकी परतें अलग-अलग हो जाती हैं और पराठा तोड़ने पर आसानी से खुलने लगता है।

इस तरह आप घर पर ही आसानी से मुलायम और स्वादिष्ट मालाबार पराठा तैयार कर सकते हैं। यह बाहर से हल्का कुरकुरा और अंदर से नरम होता है। इसकी हर परत आसानी से अलग हो जाती है। मालाबार पराठा की खासियत यह है कि इसे बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री सामान्य होती है, लेकिन इसे बनाने का खास तरीका ही इसे केरल की सबसे अलग और मशहूर रोटियों में शामिल करता है।

डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और द इंडियन एक्सप्रेस की ओर से विशेषज्ञों से बातचीत के दौरान मिली जानकारी पर आधारित है।

यह भी पढ़ें
टूट जाती है बाजरे की रोटी, नरम और फूली रोटियों के लिए इस ट्रिक से गूथें आटा