Lauki Buying Tips: लौकी सेहत के लिए बहुत ही फायदेमंद मानी जाती है। इससे रायता, सब्जी, कोफ्ते, पराठा, हलवा, बर्फी, सूप, जूस जैसी कई तरह की डिशेज बनाई जा सकती हैं। लेकिन इन डिश को स्वादिष्ट बनाने के लिए अच्छी लौकी का चुनाव जरूरी है। कई बार लोग बाजार से लौकी खरीदते समय सिर्फ उसका रंग देखकर ताजा होने का अंदाजा लगा लेते हैं। हालांकि सिर्फ रंग के आधार पर लौकी की गुणवत्ता का पता लगाना सही नहीं होता।
कई बार लौकी बाहर से चमकदार और हरी दिखती है, लेकिन अंदर से ज्यादा पकी, सख्त और बीजों से भरी निकल सकती है। इसके अलावा लौकी को जल्दी बढ़ाने के लिए केमिकल या इंजेक्शन का इस्तेमाल किया जा सकता है। यही वजह है कि लौकी हरी और ताजी दिखती है, लेकिन वह खाने में उतना स्वादिष्ट नहीं होता है। इसलिए लौकी खरीदते समय उसका आकार, वजन, छिलके की बनावट और डंठल की स्थिति को देखने भी जरूरी है। आइए, जानते हैं लौकी खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखा जा सकता है।
छिलके से करें जांच
लौकी का छिलका ज्यादा सख्त और खुरदुरा नहीं होना चाहिए। इसके लिए आप खरीदते समय लौकी को हल्का दबा कर देख सकते हैं। अगर छिलका मुलायम और हल्का चिकना है, तो यह इस बात का संकेत हो सकता है कि लौकी ज्यादा पुरानी नहीं है। अगर छिलके पर कट, दाग या सड़न के निशान दिखाई दें, तो ऐसी लौकी खरीदने से बचें।
आकार का ध्यान रखें
अगर आप मुलायम और ताजी लौकी खरीदना चाहते हैं, तो ज्यादा बड़े साइज की लौकी न खरीदें। बहुत बड़ी और मोटी लौकी अंदर से सख्त और ज्यादा बीजों वाली हो सकती है। वहीं मध्यम आकार की लौकी अक्सर मुलायम और स्वाद में बेहतर मानी जाती है। इसलिए जरूरत से ज्यादा बड़ी लौकी खरीदने से बचें।
चेक करने का तरीका
ताजी और मुलायम लौकी को चेक करने के लिए खरीदते समय उसे अंगूठे से हल्का दबाकर देख सकते हैं। अगर यह बहुत ज्यादा सख्त लगे या दबाने पर गड्ढा पड़ जाए, तो इसे खरीदने से बचें। हल्की सख्त और ताजी लौकी को इस तरह पहचाना जा सकता है।
डंठल से करें पहचान
अगर लौकी ताजी होगी तो उसका डंठल आमतौर पर हरा और हल्का नम दिखाई दे सकता है। अगर डंठल पूरी तरह सूखा, भूरा या सिकुड़ा है, तो यह इस बात का संकेत हो सकता है कि लौकी को तोड़े हुए काफी समय हो गया है।
सूंघकर लौकी की ताजगी पहचानें
लौकी खरीदते समय इसे सूंघकर एक बार चेक कर सकते हैं। अगर इसमें केमिकल या अजीब सी गंध आ रही है, तो यह इंजेक्शन से पकी हुई हो सकती है। इसके अलावा छूने पर अगर हल्की चिपचिपाहट महसूस हो रही है, तो यह केमिकल की वजह से हो सकता है।
लौकी खरीदते समय थोड़ी-सी सावधानी अच्छी सब्जी चुनने में मदद कर सकती है। रंग के साथ-साथ छिलका, डंठल, वजन, आकार और बाहरी स्थिति की भी जांच करें। जिससे ताजी और मुलायम लौकी चुनना आसान हो सकता है।
