सर्दियों में लोग तरह-तरह की चीजों का सेवन करते हैं। इन्हीं में से एक है कश्मीरी कहवा। वैसे तो इसका सेवन कश्मीर में बड़े पैमाने पर किया जाता है, लेकिन आप भी इसे अपने घर पर आसानी से तैयार कर सकते हैं। दरअसल, कश्मीरी कहवा न सिर्फ एक पारंपरिक ड्रिंक है, बल्कि यह एक आयुर्वेदिक औषधि की तरह भी काम करता है।
कश्मीरी कहवा सर्दियों में ठंड से बचाने, सर्दी-जुकाम, खांसी और कमजोर इम्युनिटी को बूस्ट करने में काफी मददगार होता है। यही कारण है कि कश्मीर में इसे रोजमर्रा की जिंदगी में भी शामिल किया जाता है। वहीं, शेफ उषा के मुताबिक, कहवा में करीब 11 प्रकार की जड़ी-बूटियां और मसाले डाले जाते हैं, जिनके सेवन से शरीर सर्दियों में अंदर से गर्म बना रहता है।
कश्मीरी कहवा बनाने की सामग्री
3 कप पानी
1 चम्मच कटे हुए बादाम
मुलेठी के 2-3 छोटे टुकड़े
दालचीनी का 1 छोटा टुकड़ा
3 लौंग
काली मिर्च के 3-4 दाने
सोंठ के 3 छोटे टुकड़े
2 छोटी इलायची<br>आधा चम्मच सौंफ
आधा चम्मच तिल
आधा चम्मच सौंठ पाउडर
गुलाब की सूखी पंखुड़ियां
केसर के 4 धागे
आधा चम्मच कश्मीरी चाय की पत्तियां
शहद
घर पर कैसे बनाएं कश्मीरी कहवा?
स्टेप-1
कश्मीरी कहवा बनाने के लिए सबसे पहले एक पैन में 3 कप पानी डालकर उबालें। पानी गर्म हो जाने पर इसमें बादाम, मुलेठी, दालचीनी, लौंग, काली मिर्च, सोंठ, इलायची, सौंफ और तिल डाल दें। इन सभी चीजों को साबुत ही डालें।
स्टेप-2
इसके बाद इसमें गुलाब की सूखी पंखुड़ियां और केसर डालें और करीब 10 मिनट तक मध्यम आंच पर उबालें। अंत में कश्मीरी चाय की पत्तियां डालें और दोबारा ढककर उबालें। कुछ समय बाद जब पानी उबलकर लगभग 2 कप रह जाए, तो गैस बंद कर दें। अब इस कहवे को छान लें। आप इसमें शहद मिलाकर भी सेवन कर सकते हैं।
