करवाचौथ पर कई घरों में पूजा के लिए पारंपरिक पकवान बनाए जाते हैं। इन्हीं में से एक हैं फरे, जिन्हें चावल के आटे में उड़द दाल और गेहूं के आटे में चने की दाल भरकर तैयार किया जाता है। हालांकि, इन्हें बनाने की परंपरा हर परिवार में एक जैसी नहीं होती। करवाचौथ पर फरे बनाने के पीछे स्थानीय रीति-रिवाज और पारिवारिक परंपराएं जुड़ी हैं। अगर आप भी इस बार पूजा के लिए फरे बनाना चाहती हैं, तो यहां जानें दोनों तरह के फरे बनाने की आसान रेसिपी।
चावल के आटे में उड़द दाल भरकर बनाएं फरे
बनाने की लिए जरूरी चीजें
चावल का आटा – 1 कप
धुली उड़द दाल – आधा कप
अदरक – 1 छोटा टुकड़ा
हरी मिर्च – 1–2
हींग – 1 चुटकी
जीरा – आधा छोटा चम्मच
नमक – स्वादानुसार
तेल – 1 छोटा चम्मच
पानी – जरूरत के अनुसार
अब जानें बनाने की रेसिपी
सबसे पहले दाल तैयार करें: इसे बनाने के लिए उड़द दाल को 3–4 घंटे भिगो दें। फिर पानी निकालकर दाल को दरदरा पीस लें।
अब बनाते हैं भरावन बनाएं: अब आपको पिसी दाल में अदरक, हरी मिर्च, हींग, जीरा और नमक मिला देना है। आप चाहें तो इसे 2–3 मिनट हल्का भूनकर भी इस्तेमाल कर सकती हैं।
फिर चावल का आटा गूंथें: पानी उबालें और उसमें थोड़ा नमक व तेल डालें। अब चावल का आटा डालकर मिलाएं। गैस बंद करके ढक दें। मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाए तो गूंथकर नरम आटा बना लें।
धीरे-धीरे फरे का आकार दें: आटे की छोटी लोई लेकर पूरी की तरह बेलें या हथेली पर फैलाएं। बीच में दाल की भरावन रखें और किनारों को अच्छी तरह बंद कर दें।
अब आती है पकाने की बारी: फरे को भाप में 15–20 मिनट पकाएं, जब तक आटे की परत अच्छी तरह पक न जाए और दाल की भरावन भी कच्ची न रहे।
अब इसे परोसें: इन्हें ऐसे ही खा सकती हैं या छोटे टुकड़ों में काटकर थोड़ा तेल, जीरा और हींग डालकर हल्का सेंक सकती हैं।
गेहूं के आटे में चने की दाल भरकर बनाएं फरे
बनाने के लिए जरूरी चीजें
गेहूं का आटा – 1 कप
चने की दाल – आधा कप
अदरक – 1 छोटा टुकड़ा
हरी मिर्च – 1–2
जीरा – आधा छोटा चम्मच
हींग – 1 चुटकी
नमक – स्वादानुसार
तेल – 1 छोटा चम्मच
पानी – जरूरत के अनुसार
अब जानें बनाने का तरीका
सबसे पहले चने की दाल भिगोएं: दाल को 3–4 घंटे पानी में भिगो दें। इसके बाद पानी छानकर दाल को दरदरा पीस लें।
फिर भरावन तैयार करें: पिसी दाल में अदरक, हरी मिर्च, जीरा, हींग और नमक मिलाएं। दाल को चाहें तो 5–7 मिनट हल्का भून लें, ताकि उसका कच्चापन कम हो जाए। भरावन को ठंडा होने दें।
फिर आटा गूंथें: गेहूं के आटे में थोड़ा नमक और तेल डालकर रोटी जैसा नरम आटा गूंथ लें। इसे 10 मिनट ढककर रखें।
अब बनाने हैं फरे: आटे की छोटी लोई बेलें। बीच में चने की दाल की भरावन रखें और किनारों को अच्छी तरह बंद कर दें।
भाप में पकाएं: तैयार फरे को स्टीमर में लगभग 20–25 मिनट पकाएं। आकार मोटा हो तो थोड़ा अधिक समय लग सकता है। बीच में एक फरा काटकर देख लें कि दाल और आटा अच्छी तरह पक गए हैं।
अब आती है परोसने की बारी: फरे को गरमागरम परोसें या टुकड़ों में काटकर हल्का सेंक लें।
