करवाचौथ के लिए महिलाएं कई दिन पहले ही तैयारी शुरू कर देती हैं। कपड़े-ज्वेलरी खरीदने से लेकर स्किन केयर पर महिलाओं का ध्यान रहता है। कई महिलाएं पार्लर जाकर फेशियल, मेनिक्योर पेडिक्योर से लेकर ब्यूटी ट्रीटमेंट लेती हैं। वहीं बहुत सारी महिलाएं आज भी घरेलू उपायों के जरिए खुद को निखारना सही समझती हैं। ऐसे में अगर आपके चेहरे, हाथ-पैर, गर्दन पर टैनिंग हो गई है। यहां कालापन जमा हो गया है तो आप कुछ घरेलू उपायों के जरिए इन्हें कम करने की कोशिश कर सकती हैं।

ओट्स से बनाएं हल्का स्क्रब

टैनिंग हटाने के लिए आप घर पर ओट्स से स्क्रब बना सकती हैं। इसके लिए सबसे पहले ओट्स को बारीक पीसकर उसमें थोड़ा पानी मिलाएं। फिर इस पेस्ट को चेहरे, गर्दन या हाथों पर लगाएं। हल्के हाथों से इसे रब करें। इस बात का ख्याल रखें कि इसे आपको जोर से रगड़ना नहीं है। यह स्क्रब रूखी त्वचा को साफ करने में मदद कर सकता है। साथ ही टैनिंग हटाने में कारगर साबित हो सकता है।

बेसन और दही का मास्क

बेसन का इस्तेमाल लंबे समय से त्वचा की देखभाल के लिए किया जाता रहा है। इससे भी टैनिंग हटा सकती हैं। इसके लिए आपको बस करना यह है कि एक चम्मच बेसन में थोड़ा सादा दही मिलाकर पेस्ट बनाएं। चेहरे, गर्दन और हाथों पर पतली परत लगाएं। इसे आप करीब 5–10 मिनट सूखने के लिए छोड़ दें। फिर जब यह सूखकर सख्त हो जाए तो पहले पानी से धो लें। इससे त्वचा साफ और मुलायम महसूस हो सकती है।

टैनिंग हटाने वाले उपाय अपनाने के बाद करें ये काम

जब आप घर में टैनिंग हटाने के लिए कोई स्क्रब या मास्क का इस्तेमाल कर रहे हैं तो उसके बाद भी स्किन केयर करना बेहद जरूरी है। इसके लिए आप एलोवेरा जेल का इस्तेमाल कर सकते हैं। साफ त्वचा पर इसकी पतली परत लगाएं और जरूरत के मुताबिक धो लें। इससे धूप के कारण त्वचा में होने वाली हल्की जलन या खिंचाव में आराम मिल सकता है। इसे टैनिंग हटाने में मदद मिलेगी। साथ ही चेहरे पर ग्लो लाने में भी मदद मिल सकती है।

सनस्क्रीन को न करें नजरअंदाज

टैनिंग से बचने के लिए आपको रोजाना SPF 30 या उससे ज्यादा वाला ब्रॉड-स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन लगाना चाहिए। चेहरे के साथ गर्दन, कान और हाथों के खुले हिस्सों पर भी लगाएं। बाहर रहने पर लगभग हर दो घंटे में और पसीना आने या हाथ धोने के बाद दोबारा लगाएं।

डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी सामान्य स्किन केयर से जुड़ी है। किसी भी घरेलू नुस्खे को चेहरे या शरीर पर लगाने से पहले पैच टेस्ट जरूर करें। त्वचा पर जलन, एलर्जी या कोई समस्या होने पर इसका इस्तेमाल न करें और जरूरत पड़ने पर त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लें।